आधी रात को शराब का ठेका खोलने से रोकने पर पुलिस कर्मी की पिटाई
Policeman beaten up for stopping opening of liquor shop at midnight in Sonipat - Sonipat News Today
हरियाणा न्यूज सोनीपत : ओल्ड डीसी रोड़ सोनीपत में पर आधी रात शराब ठेका खोलने से टोकने पर ठेके के कारिंदों ने पुलिस कर्मी की पिटाई कर दी। आरोपियों ने एस.पी.ओ. के मुंह पर पत्थर मार कर घायल कर दिया और वर्दी फाड़ दी। इस पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
एस.पी.ओ. के पद पर तैनात सोनू ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार देर रात साढ़े 12 बजे सिटी ट्रैफिक राइडर नंबर 2 पर सिपाही देवेंद्र के साथ ओल्ड डी.सी. रोड पर गश्त पर थे। देर रात शराब का ठेका खुला हुआ था। उन्होंने ठेका बंद करने को कहा। कुछ दूर जाने पर सड़क पर खड़े एक व्यक्ति ने उन दोनों को गाली-गलौच करना शुरू कर दी। वह वापस ठेके पर आए तो अस्पताल की दीवार के पास खड़ा एक व्यक्ति उन्हें गाली देने लगा।
इसी बीच उस व्यक्ति ने सड़क से एक पत्थर उठाकर एस.पी.ओ. सोनू के मुंह पर मारा। इससे उसे चोट लगी। उसके बाद उस व्यक्ति ने उनका गला पकड़ कर मारपीट करनी शुरू की दी। सोनू ने बताया कि आरोपी ने उसकी वर्दी फाड़ दी। सिपाही देवेंद्र ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की तो शराब के ठेके के अंदर से एक युवक आया और उसने देवेंद्र और उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। युवकों की पहचान न्यू शांति विहार के जितेंद्र और सांदल कलां के रहने वाले आसिफ के रूप में हुई। थाना प्रभारी इंस्पैक्टर सतबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks