Haryana roadways fraud case : हरियाणा रोडवेज के कंडक्टरों को बिना परमिशन के नियमित करने का मामला
Haryana roadways fraud case: Case of regularizing Haryana roadways conductors without permission - Bhiwani News Today
रोडवेज के 3 सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
हरियाणा न्यूज भिवानी : भिवानी रोडवेज डिपो में 5 कंडक्टरों को गलत तरीके से नियमित किए जाने के मामले में रोडवेज के 3 रिटायर्ड कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में लगी हुई है। फिलहाल किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले में पहले मुख्यालय के अधिकारियों ने विभागीय जांच कराई थी, जिसमें भी 3 कर्मचारी आरोपी पाए गए।
अब डिपो महाप्रबंधक दीपक कुंडू की शिकायत पर भिवानी के औद्योगिक पुलिस थाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। इस बारे में भिवानी डिपो के महाप्रबंधक दीपक कुंडू ने औद्योगिक पुलिस थाना में दी शिकायत में बताया कि 13 जनवरी 2022 को 5 कंडक्टरों को पीछे की तारीख में गलत तरीके से नियमित किया गया। इस मामले में विद्या नगर निवासी अनुज शर्मा ने परिवहन विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क को शिकायत दी थी। जिसकी चंडीगढ़ मुख्यालय के एचएसएस कृष्ण कुमार सांगवान ने जांच की थी। मुख्यालय के अधिकारी की जांच में भिवानी डिपो के टिकट वेरीफायल पुष्कर, रिटायर्ड लिपिक कपूर सिंह, सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक लीलावंती को दोषी ठहराया गया।
जांच में पाया गया था कि बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के ही अधीनस्थ कर्मचारियों ने अपने ही स्तर पर 5 कंडक्टरों को नियमित कर दिया। इस मामले की विभागीय जांच में आरोपी पाए जाने के बाद अब डिपो महाप्रबंधक ने तीनों रिटायर्ड कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। औद्योगिक पुलिस थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks