रोडवेज कर्मचारियों का अल्टिमेटम : 15 दिन में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन
Haryana Roadways employees ultimatum: If problems are not resolved in 15 days, they will protest - Hisar News Today
25 को मुख्यमंत्री आवास के घेराव में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे रोडवेज कर्मचारी
हरियाणा न्यूज, हिसार, सुनील कोहाड़: हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने डिपो महाप्रबंधक को ज्ञापन देकर डिपो से संबंधित लंबे समय से अटकी समस्याएं हल करने की मांग की है। सांझा मोर्चा का कहना है कि लंबित समस्याओं के कारण कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सांझा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के अंदर कर्मचारियों की समस्याओं का निदान नहीं किया जाता है तो हिसार डिपो की समस्याओं को लेकर भी आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
इससे पहले हिसार डिपो सांझा मोर्चा पदाधिकारियों ने बैठक की। बैठक में सर्वसम्मति से डिपो महाप्रबंधक को कर्मचारियों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में कहा गया कि कर्मचारियों की अनेक समस्याएं काफी समय से लटकी हुई है जिनमें वर्ष 22016 के स्पेशल चालकों व कंप्यूटर आपरेटरों को बकाया एलटीसी प्रदान करने, बकाया एसीपी 1, 2 व 3 लगाने, जिन कर्मचारियों को कन्फर्म नहीं किया गया है, उन्हें कन्फर्म किया जाए, ओवरटाइम व रात्रि भत्ते की अदायगी की जाए, कर्मशाला में मिस्त्रियों के काम करने के लिए शैड लगवाई जाए, कर्मचारियों के लिए विश्राम घर व व्हीकल पार्किंग की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा वर्कशॉप में प्रैशर ग्रिस गन की व्यवस्था की जाए, कर्मचारियों को वैकल्पिक अवकाश दिए जाएं, परिचालकों के लिए खुले सिक्कों की व्यवस्था करवाई जाए, लोकल मार्गों पर आठ घंटे ड्यूटी ली जाए, कर्मशाला में टर्नर शॉप का कमरा बनवाया जाए तथा वर्ष 2016 के चालकों को रेगुलर कर्मचारियों के साथ वेतन दिया जाए।
सांझा मोर्चा नेताओं ने कहा कि हिसार डिपो से संबंधित कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में बार-बार इन्हीं समस्याओं बारे ज्ञापन दिए जा रहे हैं। महाप्रबंधक के आश्वासन के बाद भी किसी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। हिसार डिपो सांझा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के अंदर कर्मचारियों की समस्याओं का निदान नहीं किया जाता है तो हिसार डिपो की समस्याओं को लेकर भी आंदोलन किया जाएगा।
इसके अलावा सांझा मोर्चा पदाधिकारियों ने बैठक में यह भी निर्णय लिया कि हिसार डिपो से सैंकड़ों कर्मचारी 25 अगस्त को करनाल में मुख्यमंत्री आवास के घेराव में बढ़-चढ़कर कर हिस्सा लेंगे। इसके बाद भी यदि परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों और हरियाणा सरकार ने हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों की समस्याओं का हल नहीं किया तो 11 सितंबर को होने वाली हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल में भी हिसार डिपो के कर्मचारी हिस्सा लेकर के हड़ताल को कामयाब करेंगे। इसके बावजूद भी यदि कोई समाधान नहीं किया जाता है तो परिवहन विभाग के राज्य स्तरीय सांझा मोर्चा द्वारा जो भी निर्णय लिया जाएगा, उस पर अमल किया जाएगा।
सांझा मोर्चा की बैठक की अध्यक्षता अरुण शर्मा ने की। इसमें प्रधान अजय दुहन, राजवीर दुहन, राजकुमार चौहान, नरेंद्र सोनी, नरेंद्र खरड़, अमित जुगलान, पवन बूरा व वरिष्ठ नेता सुभाष ढिल्लो शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks