KMP पर हादसा, छारा बाइपास पर कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो घायल
Accident on KMP, car hits bike on Chhara bypass, two injured - Bahadurgarh accident news
हरियाणा न्यूज बहादुरगढ़ : कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस- वे (KMP) बादली के पास सड़क दुर्घटना में एक ट्रक चालक घायल हो गया। इस दुर्घटना में वाहन को भी काफी नुकसान हुआ है। बादली थाना पुलिस ने घायल के भाई के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं बहादुरगढ़ के छारा बाईपास के नजदीक कार की टक्कर लगने से एक बाइक सवार घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायल की पहचान हरकेश मीना निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में गांव पातरखेड़ा जिला दौसा राजस्थान निवासी मुकेश कुमार मीना ने बताया कि उसका छोटा भाई हरकेश मीना ट्रक पर ड्राईवर है। उसका भाई गत 5 अगस्त को ट्रक में बहरोड से सीमेन्ट भरकर शामली यू.पी. के लिए चला था।
आरोप है कि 6 अगस्त को के.एम.पी. पर बादली रिया होटल केनजदीक पहुंचा तो आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने बीच सड़क पर अचानक ब्रेक लगाकर रोक दिया। जिससे उसके भाई का ट्रक आगे खड़े ट्रक से जा टकराया। इस दुर्घटना में उनकी गाड़ी में काफी नुकसान हुआ है। उसके भाई हरकेश मीना को उपचार लिए पी.जी. आई.एम.एस. रोहतक भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार जारी है। यह हादसा अज्ञात ट्रक चालक द्वारा लापरवाही से वाहन चलाने व ट्रक को बीच सड़क खड़ा करने के कारण हुआ है। बादली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार की टक्कर लगने से बाइक सवार घायल
छारा बाइपास पर कार की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार युवक की पहचान रविंद्र निवासी छारा के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में छारा निवासी अजय ने बताया कि 7 अगस्त को वह अपने ताऊ के लड़के रविन्द्र के साथ अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव डीघल से वाया छोछी छारा बाईपास पर पहुंचे थे। जब हम बाईपास क्रॉस कर रहे थे तो वह बाइक से नीचे उतर गया। इसी दौरान सांपला की तरफ से पीछे एक कार आई और उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
बताया कि जिससे उसका भाई बाइक सहित नीचे गिर गया। उसे काफी चोटे आई। उसने अपने भाई को संभाला और उपचार के लिए वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज गिरावड़ ले गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पी. जी.आई. एम. एस. रोहतक रेफर कर दिया। मगर हम उसे ईलाज के लिए काएनोस अस्पताल ले गए। जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks