हांसी के नजदीकी गांव में करंट लगने से छः झुलसे, दो की मौत, घर की छत पर लेंटर लगाने के बाद हादसा !
Six burnt, two dead due to electric shock in Mundhal Khurd village near Hansi/ hansi News, bhiwani News Today, mundgal News,
तहलका न्यूज/ सुनील कोहाड़
हांसी : मुंढाल खुर्द गांव में रविवार को करंट लगने से एक ही परिवार के छह लोग बुरी तरह झुलस गए। जिनमें दो की मौत हो गई। जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको उपचार के लिए हांसी के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की शव गृह में रखवा दिया गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
नागरिक अस्पताल में मौजूद सोमबीर ने बताया कि उनके चाचा जोगिंद्र व श्याम गांव में ही अपना मकान बना रहे थे। मकान की दिवारें पूरी बनने के बाद उन्होंने रविवार को छत का लेंटर लगाया जा रहा था। लेंटर लगाने के काम में परिवार के ही लोग लगे हुए थे। लेंटर लगाने का काम पूरा होने के बाद सभी लेंटर पर ही खड़े होकर देख रहे थे। करीब 11 हजार वाट की बिजली की तार काफी नीचे होने से वह छत के संपर्क में आ गई। लेंटर गीला होने के कारण उसमें करंट आ गया और जोर का धमाका हुआ। इस हादसे में परिवार के छह लोग बुरी तरह झुलस गए। करंट लगने से 22 वर्षीय रवि व 30 वर्षीय अमित की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अजय, नवीन, संदीप व जोगिंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों घायलों को हांसी के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है ।
पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाते हुए कहा कि घर के नजदीक से गुजर रही बिजली की तारों को ऊंचा करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार मौखिक रूप से कह चुके हैं। लेकिन अभी तक बिजली की तार ऊपर नहीं की गई है। जिसके कारण यह हादसा हुआ है। परिजनों ने सरकार से आर्थिक मदद भी मांगी है। स्वजन ने बताया कि मृतक अमित कुमार शादीशुदा है। जिसका अभी नवजात बच्चा है। मृतक रवि अमित कुमार का चचेरा भाई है। हादसा होने के बाद स्वजन रवि व अमित को नागरिक अस्पताल में लेकर आए जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। जिनका पोस्टमार्टम सोमवार को करवाया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में लगी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks