गांवों के लाल डोरों के बाहर एक किलोमीटर की परिधि में आने वाली सभी ढाणियां होंगी लाभान्वित
haryana news Ab Tak All dhanis coming in radius of one kilometer outside red cords of villages will be benefited.
प्रदेश की सभी ढाणियों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने के लिए तैयार की जा रही है योजना : बिजली मंत्री
प्रदेश के 61 हजार आवेदकों को जल्द दिए जाएंगे बिजली कनेक्शन
कैबिनेट मंत्री ने सुनी हिसार के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित आधार पर समाधान के लिए निर्देश
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश की लगभग 10 हजार ढाणियों में बिजली उपलब्ध करवाने के लिए एक योजना तैयार की जा रही है। इस योजना के तहत गांवों के लाल डोरों के बाहर एक किलोमीटर की परिधि में आने वाली सभी ढाणियों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने का कार्य पूरा किया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने यह जानकारी स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित बिजली पंचायत में लोगों की बिजली से संबंधित शिकायतों का समाधान करते हुए दी। उन्होंने हिसार के अलावा आस-पास के जिलों से आए बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को सुना और समाधान के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने गांव जमावड़ी के ग्रामीणों द्वारा बिजली से संबंधित रखी गई शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित उपमंडल के एसडीओ को चार्जशीट करने तथा जेई को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार से गांव मंगाली के ग्रामीणों द्वारा लाईनमेन के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की। इस पर बिजली मंत्री ने लाईनमेन को आखिरी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं होनी चाहिए अन्यथा निलंबित कर दिया जाएगा। गांव पेटवाड़ की ग्राम पंचायत ने गांव थुराना में स्थापित चार मेगावाट के बिजली घर की क्षमता को बढ़ाये जाने की मांग रखी। इस पर ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पावर हाउस की क्षमता को बढ़ाकर साढ़े बारह मेगावाट किया जाए। ऊर्जा मंत्री ने पंचायत में रखी एक-एक समस्या को गंभीरता से सुना और बिजली उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी समस्याओं का समाधान त्वरित आधार पर करवाया जाएगा। इसके उपरांत ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह तथा राज्यसभा सांसद लेफ्टिनेंट जनरल डीपी वत्स ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने पत्रकारों द्वारा बिजली, नूह हिंसा इत्यादि विषयों पर पूछे गए सवालों के जवाब दिए। सांसद डीपी वत्स ने धारा-370 तथा 35ए को समाप्त किए जाने के फैसले को चार साल पूर्ण होने पर कहा कि ये ऐतिहासिक निर्णय थे, जिसके बाद घाटी में आतंकी घटनाओं में भारी कमी आई है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी कश्मीर में तैनात रहे हैं और अब सेवानिवृति के बाद वहां हर वर्ष जाते हैं। पहले और अब के माहौल में रात-दिन का अंतर है।
इस अवसर पर बरवाला के विधायक जोगीराम सिहाग, जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं
Thanks