ससुराल में बेटी के प्रताडि़त होने से आहत व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
Haryana karnal News Today : Due to harassment of daughter in her in-laws, the person killed by jumping in front of the train
करनाल के घरौंडा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदा अधेड़ व्यक्ति
तहलका न्यूज करनाल।
हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा कस्बे में एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि ट्रेन के आगे कूदने वाला व्यक्ति अपनी बेटी को ससुराल में प्रताडि़त किए जाने से काफी समय से आहत था और इसी के चलते वो मानसिक तनाव में था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया।
जांच अधिकारी जसबीर ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि घरौंडा रेलवे स्टेशन पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त का प्रयास किया तो मृतक की पहचान गांव कैमला निवासी रामफल के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामफल की बेटी की शादी करीब सात आठ माह पहले पानीपत जिले के गांव कुराना में हुई थी। शादी के कुछ समय के बाद ही उसकी बेटी के ससुरालजन उसे प्रताडि़त करने लगे। इस मामले को लेकर कई बार पंचायतें भी हुई। लेकिन वो अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। इससे तंग आकर उसकी बेटी शादी के मात्र कुछ ही महीनों के बाद मायके में आकर रहने लगी। इस बात को लेकर रामफल अपनी लाडली बेटी के भविष्य को लेकर मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और उसने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
इस संंबंध में जांच अधिकारी जसबीर ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में बेटी के प्रताडि़त करने से आहत होने पर आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks