एनआईए की हरियाणा- पंजाब में 10 ठिकानों पर रेड
tehalka News haryana NIA raids 10 locations in Haryana-Punjab
पंजाब में 9 और हरियाणा में 1 जगह पर NIA की रेड
चंडीगढ़, 6 जून। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) की फंडिंग करने वालों पर पंजाब और हरियाणा में रेड की है। पंजाब में 9 जगहों और हरियाणा में 1 जगह पर रेड की गई। केटीएफ के लिए फंड जुटाने के अलावा बॉर्डर पार से हथियार, गोला-बारूद और एक्सप्लोसिव की तस्करी की साजिश में शामिल लोगों पर भी ये रेड हुई। हालांकि, अभी तक इसका ब्यौरा सामने नहीं आया है। सूत्रों के मुताबिक केटीएफ की तरफ से पंजाब और हरियाणा में बड़ी वारदातों की तैयारी की जा रही थी। जिसमें धमाकों से लेकर टारगेट किलिंग तक शामिल है। उनके प्लान को डीकोड करने पर एनआईए को पता चला कि कई लोकल लोग उनके लिए फंडिंग कर रहे हैं।
एनआईए की टीम ने पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में खिलौना बेचने वाले पर रेड
कई फंडिंग का जरिया बने हुए हैं। वहीं कई लोग बॉर्डर पार और खासकर पाकिस्तान से हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी में मदद कर रहे हैं। जिसके बाद एक साथ केटीएफ से जुड़े संदिग्ध लोगों पर रेड की गई। एनआईए की टीम ने पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में खिलौना बेचने वाले पर रेड की है। टीम ने अबोहर रोड बाइपास पर रहने वाले व्यक्ति से काफी देर तक पूछताछ की गई। इसके अलावा फिरोजपुर के तलवंडी भाई क्षेत्र में भी रेड की गई। यहां के करीब 5 गांवों से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे केटीएफ की फंडिंग और हथियार तस्करी की साजिश में शामिल होने को लेकर पूछताछ की जा रही है।
कैथल में दवा कारोबारी के घर की रेड
हरियाणा के कैथल में दवा कारोबारी भाइयों प्रदीप और कुलदीप के घर सुबह 6 बजे रेड हुई। गांव चूहड़माजरा में ये रेड करीब 4 घंटे चली। सूत्रों के मुताबिक, टीम के पास जानकारी थी कि प्रदीप और कुलदीप के बैंक खातों में असामान्य ट्रांजेक्शन हुए हैं। दोनों अवैध रूप से दवाइयों की सप्लाई करते हैं। प्रदीप के बड़े भाई कुलदीप के अनुसार, शक के आधार पर एनआईए की टीम उनके घर पूछताछ के लिए आई थी लेकिन टीम वापस चली गई है। भाई प्रदीप के बैंक खातों की पासबुक और अन्य ट्रांजेक्शन की जांच की गई। टीम ने सवाल जवाब किए। कई कागजों पर प्रदीप के हस्ताक्षर करवाए। 4 महीने पहले आतंकी संगठन करार दिया- केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 4 महीने पहले केटीएफ को आतंकी संगठन करार दिया था। गृह मंत्रालय ने कहा था- खालिस्तान टाइगर फोर्स कट्टरपंथी संगठन है। जिसका मकसद पंजाब में फिर आतंकवाद फैलाना है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks