जींद जिले के गांव में कलयुगी बेटे ने कर दी मां की निर्मम हत्या !
मां बेटे के बीच हुई कहासुनी तो बेटे ने कर दी मां की हत्या !
जींद : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
जींद जिले के गांव उझाना में शुक्रवार को कलयुगी बेटे ने घरेलू कलह के चलते घर में आराम कर रही अपनी ही मां पर लाठियों से वार कर निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ी थाना प्रभारी सुखबीर फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा ले शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल नरवाना पहुंचाया । गढी थाना पुलिस ने मृतका के जेठ के ब्यान पर बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
गांव उझाना निवासी रामचंद्र की 64 वर्षीय पत्नी शांति देवी की शुक्रवार को दोपहर बाद उसके बेटे संजीव उर्फ काला ने लाठी डंडों से ताबडतोड़ हमला कर हत्या कर दी । घटना के दौरान शांति देवी चारपाई पर सोई हुई थी। बताया जाता है कि मां तथा बेटे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। जिसके बाद आरोपित ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। घटना का उस समय पता चला जब पड़ोसी घर में पहुंचे और शांति को खून से लथपथ चारपाई पर पड़े हुए देखा । ग्रामीणों ने बताया कि शांति देवी के पति की तथा एक बेटे की मौत हो चुकी है। आरोपित संजीव की पत्नी की भी लगभग सात - आठ साल पहले मौत हो चुकी है। जिससे दो बच्चे हैं जो अपने मामा के वहां पढते हैं । पांच वर्ष पहले संजीव दूसरी पत्नी भी लाया था, लेकिन दो तीन माह रहने के बाद वह उसे छोड़ कर चली गई।
बताया जा रहा है कि फिलहाल घर में शांति देवी और उसका बेटा संजीव ही रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे गढ़ी थाना प्रभारी सुखबीर ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण कियाया। वहीं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्यों को जुटा कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल नरवाना पहुंचाया। गढ़ी थाना पुलिस ने मृतका के जेठ तथा आरोपित बेटे के ताऊ चंदू के ब्यान पर संजीव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
गढ़ी थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि घर में मां - बेटा ही रह रहे थे । कहासुनी के बाद बेटे ने अपनी मां पर हमला कर उसकी हत्या कर दी । फिलहाल मृतका के जेठ की शिकायत पर उसके बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । आरोपित की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है ।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks