स्वतंत्रता दिवस स्पेशल पेज


 

Breaking News

खट्‌टर साहिब रोज स्कूल बंद करवाने के लिए पहुंचते हैं, तुम्हारा ही छोरा हूं - केजरीवाल

केजरीवाल और मान ने कुलदीप बिश्नोई पर साधा निशाना, कुलदीप बिश्नोई ने दिया जवाब



  हिसार :  सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज



2024 के विधानसभा चुनाव का ट्रेलर अभी आदमपुर उपचुनाव में है। यहां से जो विधायक था वह विधायक 24 साल से है। कुछ अच्छा काम किया हो तो उसको वोट दे देना। हरियाणा में एक सीट जिता कर खाता खोल दो। आदमपुर की चौधराहट आ जाएगी। उक्त शब्द दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आदमपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहे। 







हरियाणा में आदमपुर उपचुनाव के एलान से पहले आयोजित जनसभा में दिल्ली के सीएम पूरी तरह से चुनावी मूड में नजर आए। उन्होंने खुद को हरियाणा का छोरा बताते हुए लोगों से सहयोग मांगा। अरविंद केजरीवाल अपनी रिश्तेदारियां भी गिना दी। उन्होंने कहा कि मेरी चाची भी आदमपुर में है। हमारी काफी रिश्तेदारी यहां हैं। पारिवारिक लोगों का आना-जाना यहां रहता है। 





अरविंद केजरीवाल स्कूल, अस्पताल ठीक करवाने के नाम पर वोट मांगे। 24 घंटे बिजली व 300 यूनिट फ्री बिजली देने के नाम पर वोट मांगे। केजरीवाल ने कहा कि मेरा चाचा और भाई आदमपुर में ब्याहे हुए हैं। कई रिश्तेदारियां भी हैं। उन्होंने हिसार में नौवीं-दसवीं कैंपस स्कूल से की एवं 11वीं-12वीं में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में पूरे हरियाणा में छठीं पोजिशन आई थी। उस समय कभी नहीं सोचा था कि राजनीति में जाऊंगा। भगवान ने इस पोजिशन पर पहुंचा दिया। 






उन्होंने कहा कि खट्‌टर साहिब रोज स्कूल बंद करवाने के लिए पहुंचते हैं। हरियाणा के स्कूलों में 18 लाख बच्चे पढ़ते हैं। दिल्ली में उल्टी गंगा बहा दी। अमीर लोग भी अपने बच्चों के प्राइवेट स्कूलों से नाम कटवाकर सरकारी स्कूलों में भेज रहे हैं। हरियाणा वालों तुम भी कुछ काम करवा लो, तुम्हारा ही छोरा हूं। मोहल्ला क्लीनिक बनवा लो, बिजली मुफ्त चाहिए या नहीं। कहते हैं केजरीवाल फ्री की रेवड़ी बांट रहा है। सरकार के एक- एक मंत्री को 4 हजार यूनिट बिजली फ्री मिलती है। मैं पैसे चोरी नहीं कर रहा हूं और ना ही स्विस बैंक में खाता है। मेरे पास जो कुछ है वो केवल जनता की दुआएं और आशीर्वाद है। दोस्तों दो साल बाद हरियाणा का चुनाव है, एक मौका अपने लाल को देकर देख लो, एक मौका केजरीवाल को दे दो। काम नहीं किया तो लात मारके बाहर फेंक देना, दोबारा नहीं आऊंगा। चुनाव का ट्रेलर अभी है।





केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में मेरा भाई भगवंत मान है, जिसने भ्रष्टाचार को खत्म किया। पंजाब में जीरो बिजली के बिल आने वाली हैं। मुझे फ्री करने की विद्या आती है और मैने अपनी विद्या अपने भाई भगवंत मान को सिखा दी। पंजाब में कोई पैसे मांगे तो रिकार्डिंग भेजते ही अफसर को 24 घंटे में सस्पेंड कर दिया जाता है। पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक खोल दिए। पूरी दुनिया के स्कूल, अस्पताल ठीक करता घूम रहा हूं। हरियाणा वाले तुम भी स्कूल, बिजली के बिल जीरो करवा लो। हरियाणा मेरी जन्म भूमि है, मेरा राज्य है।





पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई ने भाजपा में जाने के लिए आदमपुर की जनता से नहीं पूछा। जजपा ने भाजपा के साथ जाने के लिए आप लोगों से पूछा? मशीन का बटन दबाने के लिए 8 से 10 घंटे मिलते हैं। वो बटन आपके बच्चों की अच्छी शिक्षा का बटन है। स्वास्थ्य, सस्ती बिजली, महिलाओं के लिए मान सम्मान का, व्यापारियों को उत्साहित करने के लिए बटन है। ये बदल जाते हैं तो तुम बदल जाओ। आदमपुर वालों आपके पास एक मौका आया है, इनको सबक सिखाने का है। आप इन्हें बता दो। हरियाणा औ पंजाब छोटे- बड़े भाई है। फसल आने वाली है।





भगवंत मान ने कहा कि आदमपुर बदलाव के लिये तैयार है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बड़ी-बड़ी दुकानें बंद की है और अब आदमपुर में 107 नंबर (कुलदीप बिश्नोई की दुकान) दुकान भी बंद होगी। हरियाणा और पंजाब भाई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा-कांग्रेस वालों को बता दो, दही जमाने का लिए सिर्फ एक चम्मच जामण चाहिए होता है, यहां से सिर्फ आदमपुर दे दो, वे पूरे हरियाणा में ईमानदारी का दही जमा देने के लिए तैयार है।






विधायक एवं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भगवंत मान भजनलाल की दुकान बंद कराने की बात कह रहे है। ऐसी बात कहने वाले कई नेता अपनी ही दुकान बंद करवा कर चले गए। आज केजरीवाल वोटों की खातिर अपने आप को हरियाणवी होने का ढोंग रच रहे हैं। आज वे हिसार को अपना गृह क्षेत्र बता कर आदमपुर में रिश्तेदारी गिनवा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks

Home; | DMCA; | Disclaimer; | Privacy Policy; | About Us; | Contact Us; |