किसानों का गुस्सा फिर से सातवें आसमान पर, चंडीगढ़ रोड़ पर लगाया जाम
यूरिया की किल्लत को लेकर किसानों ने प्रदर्शन कर किया रोड़ जाम
भूना - तहलका न्यूज
यूरिया खाद की किल्लत को लेकर पूरे प्रदेश में किल्लत मची हुई है और बंटवारे में भी जमकर धांधली करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। सोमवार को भूना के किसानों के सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। गुस्साए किसानों ने भून में सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर जाम लगा कर सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी किसानों ने पगड़ी संभाल जट्टा किसान समिति के ब्लॉक अध्यक्ष की अनाज मंडी स्थित दुकान पर भी खूब हंगामा किया और जमकर नारेबाजी की।
सैकड़ों किसान अनाज मंडी में विरोध प्रदर्शन करते हुए सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर आ गए और करीबन दो घंटे तक सिरसा चंडीगढ़ हाईवे को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही फतेहाबाद से क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर ओमप्रकाश पूनिया, थाना प्रभारी कपिल सिहाग व अन्य कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्या को सुना और विश्राम गृह में किसान संगठन के सुपर विजन में यूरिया खाद वितरण पर तुरंत रोक लगाई। इसके बाद ही किसानों का गुस्सा शांत हुआ और जाम खोला।
किसान कृष्ण कुमार, महावीर सिंह, जयबीर सिंह, बलवान सिंह, नरेंद्र सिंह, रामफल, बलबीर, धूप सिंह, हरि सिंह, रामलाल, दलीप सिंह इत्यादि ने आरोप लगाया कि उपरोक्त संगठन के लोग अपनी जान पहचान के लोगों को पिछले दरवाजे से यूरिया खाद के टोकन बांट रहे थे, जबकि बिना पहुंच वाले आम किसान लाइनों में लगे हुए थे । आरोप है कि किसान की आवाज उठाने वाले किसान संगठन के नेता ही किसानों के साथ भेदभाव की नीति अपनाकर उनको शाम तक इंतजार करवाकर खाली हाथ भेज रहे हैं। इससे पहले दुकानदार से यूरिया लेने में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आती थी। हालांकि, यूरिया किल्लत के चलते लंबी-लंबी लाइनों में जरूर लगना पड़ता था। परंतु देर सवेर उन्हें भी कुछ खाद के बैग उपलब्ध हो जाते थे। अब पिछले दो दिनों से खाद वितरण में भारी भेदभाव किया जा रहा है। जिसके कारण सैकड़ों किसानों को सर्दी व बारिश के मौसम में सारा सारा दिन लाइनों में लगने के बाद भी यूरिया खाद नहीं मिल पा रहा है।
भूना पहुंचेंगे यूरिया खाद के तीन हजार बैग : पूनिया
एनएफएल का रैक लग चुका है। मंगलवार तक करीब तीन हजार बैग भूना में इफको किसान सेवा केंद्र व प्राइवेट दुकानदार के पास पहुंच जाएंगे। इसके लिए किसानों को धैर्य बनाकर रखना चाहिए।
- ओमप्रकाश पूनिया, क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर
पगड़ी संभाल जट्टा किसान समिति के ब्लाक अध्यक्ष कमल सिंह बराड़ ने बताया कि यूरिया खाद का समान रूप से वितरण हो, इसलिए सुपर विजन किया था। किसानों को रविवार व सोमवार को करीब 11 सौ बैग यूरिया उनकी देखरेख में बांटी गई है। उन्होंने बिना किसी स्वार्थ व भेदभाव के आम किसानों को खाद देने की कोशिश की है। मगर पीछे से यूरिया खाद कम आ रही है और लेने वाले हजारों की संख्या में हैं। तो उसमें उनकी गलती नहीं निकाली जा सकती।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks