HPSC कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेसी नेताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में
सबसे बड़ा भर्ती घोटाला, फिर भी न पर्ची न खर्ची का ढ़िंढ़ौरा - शैलजा
बोली लगाकर बेचा जा रहा है प्रदेश के युवाओं का भविष्य - सुरजेवाला
विरोध के दौरान भी कांग्रेस में गुटबाजी, नहीं पहुंचे ये नेता
चंडीगढ़ - तहलका न्यूज
पिछले सात सालों में इतनी भर्तियां नहीं हुई जितने भर्ती घोटाले हुए हैं। 'न खर्ची-न पर्ची' का ढिंढोरा पीटने वाले मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के सात साल के कार्यकाल में 30 से भी ज्यादा बार पेपर लीक हो चुके हैं। उक्त शब्द प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शैलजा ने HPSC office का घेराव करने से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि मुख्य विपक्षी दल होने के नाते हर मुद्दे को, चाहे वह कृषि विरोधी काले कानूनों का हों, नोटबंदी का हो, पेगासस जासूस कांड हो, सडक़ से सदन तक उठाती रही है और उठाती रहेगी।
कांग्रेसी नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा जजपा सरकार में युवाओं के भविष्य को सड़कों पर खुलेआम बोली लगाकर बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि HPSC की जिस ब्रांच में मुख्यमंत्री नहीं जा सकता। मनोहर लाल की सरकार में वहां दलाल पहुंच गए। उन्होंने कहा कि ये भर्ती घोटाला अकेले किसी अधिकारी के बस की बात नहीं। बल्कि सरकार में बैठे मंत्रियों और बड़े नेताओं की मिली भगत से किया जाता रहा है। इसको छिपाने के लिए सरकार ने जांच के नाम पर लोगों को गुमराह करने का काम किया है।
जब कांग्रेसी नेता एचपीएससी कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे तो रास्ते में ही पंचकूला पुलिस ने कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, हरियाणा मामलों के प्रभारी विवेक बंसल, किरण चौधरी, कांग्रेस के मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक सहित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
ये नेता रहे नदारद
कांग्रेस के एचपीएससी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने के लिए सुबह-सुबह ही कार्यकर्ता व नेता पंचकूला जुटने शुरू हो गए थे। इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, राज्य सभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व विधायक आनंद सिंह ढांगी, गीता भुक्कल सहित कुलदीप बिश्नोई, रेणुका बिश्नोई और भव्य बिश्नोई सहित कई विधायक और पूर्व विधायको के ना शामिल होने से यहां पर भी कांग्रेस में गुटबाजी नजर आई।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks