स्वतंत्रता दिवस स्पेशल पेज


 

Breaking News

जींद स्कूल बस की टक्कर से घायल युवक की 20 दिन बाद उपचार के दौरान मौत

young man injured in Jind school bus accident died 20 days later during treatment


हरियाणा न्यूज जींद : जींद जिले के गांव खोखरी के पास हुए ( Jind school bus accident ) सड़क हादसे में स्कूल बस की टक्कर से घायल हुए स्कूटी चालक युवक ने हादसे के करीब 3 सप्ताह बाद उपचार दौरान दम तोड़ दिया है। मामले की सूचना पाकर थाना सदर जींद पुलिस अस्पताल पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पहुंचाया। वहीं मृतक की माता की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच तेज कर दी है। मृतक युवक अपनी मां का इकलौता सहारा था। युवक के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। 







श्याम नगर पटियाला चौक जींद निवासी पूनम (59) पत्नी जगदीश ने थाना सदर जींद पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। उसकी एक बेटी तथा बेटा था। बेटी की वह शादी हो चुकी है। गांव खोखरी के पास स्कूल बस चालक अपनी स्कूल बस को तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से चलाता हुआ आया तथा बेटे की स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी। जिससे बेटा स्कूटी सहित सड़क पर जा गिरा तथा गंभीर रूप से घायल हो गया।






आरोपी बस चालक ने बेटे को जींद के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया तथा खुद मौके से फरार हो गया। चिकित्सकों ने बेटे की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रैफर कर दिया। उन्हें बेटे के साथ हुए हादसे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। 





बाद में जब बेटा घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने अपने स्तर पर बेटे की तलाश शुरू कर दी। तलाश दौरान ही उन्हें बेटे के सड़क हादसे में घायल होने तथा रोहतक पीजीआई में दाखिल होने बारे जानकारी मिली। इस पर वह रोहतक पीजीआई पहुंचे तो बेटे ने उसके साथ हुई पूरी घटना के बारे में बताया।







इसके बाद जब वे आरोपी बस चालक चांद व अलेवा गांव के मौजिज लोगों से मिले तो आरोपी ने आश्वासन दिया कि वह गौरव के इलाज पर जो भी खर्च होगा उसकी भरपाई करेगा। आखिरी बार एक अगस्त को आरोपी चांद व गांव के मौजिज व्यक्तियों ने सामाजिक तौर पर समझौते की बात कही थी लेकिन उसके बावजूद भी आरोपी बस चालक ने उन्हें कोई इलाज खर्च नहीं दिया है। वहीं दूसरी ओर 2 अगस्त को इलाज दौरान उसके बेटे गौरव की मौत हो गई है। उसके बेटे की मौत आरोपी बस चालक चांद द्वारा लापरवाही से बस चलाकर किए गए हादसे की वजह से हुई है। 






थाना सदर जींद में पूनम की शिकायत पर आरोपी चांद के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks

Home; | DMCA; | Disclaimer; | Privacy Policy; | About Us; | Contact Us; |