हिसार-चंडीगढ़ मार्ग पर हादसा, नरवाना में दो कारों में आमने-सामने की टक्कर, जींद व भिवानी जिले के व्यक्ति की मौत, जींद-भिवानी जिले के पांच घायल
Accident on Hisar Chandigarh road, two cars collided head-on in Narwana
हरियाणा न्यूज नरवाना : हिसार चंडीगढ़ मार्ग पर जींद जिले के नरवाना बाईपास पर दो कारों की आमने-सामने की टक्कर होने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई जबकि इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक भिवानी जिले के गांव का रहने वाला था। कारों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के परखच्चे से उड़ गए और क्रेन की सहायता से दोनों को अलग-अलग कर हाईवे से हटाया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक हिसार चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर नरवाना बाईपास के ऊपर रविवार की दोपहर को दो कारों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। यह हादसा एक कार के रॉन्ग साइड आने से दूसरी कार की टक्कर होने से हुआ बताया जा रहा है। इस हादसे में दोनों कारों में सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों द्वारा कड़ी मशक्कत कर दोनों कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर उपचार के लिए तुरंत ही अस्पताल में पहुंचाया गया और हादसे की सूचना पुलिस को दी।
अस्पताल में पहुंचे सड़क हादसे में घायलों का चेकअप करने के बाद डॉक्टर ने भिवानी जिले के गांव दरियापुर निवासी अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि इस हादसे में अमर सिंह के साथ उसी के गांव के रोहतास और कृष्ण को गंभीर चोट आने की वजह से उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वहीं दूसरी कर में सवार जींद जिले के अलेवा क्षेत्र के गांव दुड़ाना प्रकट सिंह, मलकीत और नवचरण भी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह तीनों एक ही परिवार के बताई जा रहे हैं और इन्हें उपचार के लिए हिसार जिले के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसा इतना भीषण बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों कारों की आमने-सामने की टक्कर हुई तो दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। जिसकी वजह से सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों कारों को हाईवे से क्रेन की सहायता से हटाया और यातायात को फिर से सुचारू रूप से बहाल किया। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में लगी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks