खेदड़ थर्मल प्लांट के अनुबंधित कर्मचारियों का पैदल मार्च शुरू, 29 को करनाल में विरोध प्रदर्शन
Contractual employees of Khedar Thermal Plant started their march on foot, protest in Karnal on 29th - Hisar News
छह दिन पैदल मार्च निकालते हुए 29 जुलाई को करनाल में करेंगे विरोध प्रदर्शन
हरियाणा न्यूज हिसार : भारतीय मजदूर संघ से संबंधित अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ की खेदड़ थर्मल प्लांट इकाई द्वारा मंगलवार को धरना स्थल से इकाई अध्यक्ष अमरजीत के नेतृत्व में पैदल मार्च की शुरुआत की। इकाई अध्यक्ष अमरजीत और सचिव अमित नेहरा ने बताया कि थर्मल खेदड़ से शुरू किया गया यह पैदल मार्च 29 जुलाई को करनाल में पहुंच कर सम्पन्न होगा। पैदल मार्च में शामिल कर्मचारी 29 जुलाई को करनाल में होने वाले प्रदर्शन में भागीदारी करेंगे।
उन्होंने बताया कि अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा का एचपीजीसीएल प्रबंधन के साथ 12 जून 2023 को समझौता हुआ था। जिसमें खेदड़ व यमुनानगर थर्मल में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम में शामिल करने और ठेकेदारी प्रथा बंद करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने बताया कि उक्त समझौते को एक वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अभी तक समझौता लागू नहीं किया गया है। अभी तक लगभग 70 कर्मचारी के गेट पास जारी नहीं हुए है, इसके कारण यह सभी कर्मचारी आज भी नौकरी से बाहर हैं। थर्मल के कर्मचारी अभी तक ठेकेदारों के चंगुल से बाहर नहीं आ सके हैं।
उन्होंने बताया कि संगठन के पदाधिकारी पिछले एक साल में कई बार मुख्यमंत्री और अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समझौते को लागू नहीं किया जा रहा है। इसलिए अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ ने 4 जुलाई को सभी जिलों और थर्मल में प्रदर्शन करते हुए डीसी व चीफ इंजीनियर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। 16 जुलाई को मुख्यमंत्री के ओएसडी को भी मांग पत्र सौंपा गया, लेकिन अभी तक संगठन को कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। इसलिए संगठन ने फैसला लिया है कि 29 जुलाई को करनाल में मुख्यमंत्री की आवास पर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खेदड़ थर्मल से कर्मचारियों का एक जत्था मगंलवार को पैदल मार्च निकालता हुआ सुरेवाला चौक,नरवाना, कैथल व निसिंग होते हुए करनाल पहुंचेगा और 29 जुलाई के प्रदर्शन में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान अगर कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है तो इसकी पूर्ण जिम्मेवारी एचपीजीसीएल प्रबंधन और प्रशासन की होगी।
इस दौरान अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव ओमवीर यादव, उपाध्यक्ष रवि श्रीवास्तव, जिला मंत्री भारतीय मजदूर संघ विक्रम श्योराण, सह कोषाध्यक्ष विकास बेनीवाल, जिला अध्यक्ष रामकेश श्योराण, खेदड़ इकाई कोषाध्यक्ष प्रवीण सिहाग, कार्यालय सचिव अरविंद डावर, उपाध्यक्ष मनजीत सहारण सहित काफी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks