Kisanon se Bank loan ke naam par fraud : जमीन पर चढ़ा बैंक लोन उतारने के नाम पर किसानों से 23 लाख ठगे
jameen per Chadha bank loan utarane ke naam per kisanon se 23 lakh rupaye thage
बैंक कर्मी ने किसानों के हड़पे 23 लाख रुपए ; बैंक प्रबंधक ने कराया कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
हरियाणा न्यूज / कैथल : जमीन की खरीद-फरोखत के दौरान बैंक का लोन हटवाने के नाम पर एक बैंक कर्मी ने धोखाधड़ी करते हुए किसानों से बैंक के 23 लाख रुपए हड़प लिए। फील्ड ऑफिसर ने किसानों को दी गई ऋण राशि को बैंक में जमा न करवाकर स्वयं हड़प ली और किसानों को फर्जी नो ड्यूज दे दिया। पुलिस ने बैंक प्रबंधक कौशल किशोर की शिकायत पर बैंक के फील्ड ऑफिसर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
सीवन पुलिस थाना को दी शिकायत में बैंक प्रबंधक कौशल किशोर ने बताया कि गांव कांगथली निवासी मुलख राज ने 2011-12 में अपनी जमीन पर बैंक से लोन करवाया था। उनकी अचानक मृत्यु के बाद मुलखराज के बेटे देशराज ने यह जमीन गांव के ही नरेंद्र को बेच दी। बाद में पता चला कि जमीन पर 23 लाख रुपए लोन है। इस पर वे दोनों पक्ष बैंक में गए और लोन हटवाने के लिए शिकायत पत्र पत्र दिया।
बैंक के फील्ड आफिसर राजेश ने लोन हटवाने के 23 लाख रुपए मांगे तो उन्होंने राशि का भुगतान कर दिया। बाद में राजेश ने बैंक की राशि जमा करवाए बिना उन्हें लोन हटाने का नो ड्यूज दे दिया। जब बैंक के पास रुपए नहीं आए और लोन हटने की बात सामने आई तो पता चला कि फील्ड ऑफिसर राजेश ने दोनों किसानों को फर्जी नो ड्यूज देकर बैंक की राशि स्वयं हड़प ली। इसके बाद इसकी शिकायत सीवन थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बैंक प्रबंधक की शिकायत पर बैंक कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी प्रवीन ने बताया कि पुलिस ने आरोपी बैंक कर्मी के खिलाफ 23 लाख रुपए हड़पने के मामले में केस दर्ज किया है। जमीन से लोन हटाने के लिए जो राशि किसानों ने बैंक कर्मी को दी थी वो हड़पने की शिकायत मिली है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks