जींद में भिवानी रोड़ पर 'हाईवोल्टेज' हंगामा, जाम लगा रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ा
'High voltage' ruckus on Bhiwani road, police chased away people creating jam
बूढ़ा बाबा बस्ती में नशे को लेकर चलाए सर्च अभियान से खफा हुए लोग, दूसरे दिन भी लगाया जाम
तेजधार हथियार बरामद, 16 नामजद सहित अन्य आरोपियों पर केस दर्ज
हरियाणा न्यूज, जींद : पिछले करीब एक महीने से शहर की बूढ़ा बाबा बस्ती में नशा तस्करों के पसरे आतंक को लेकर कई बार तनाव की स्थिति पैदा हो चुकी है। लेकिन आरोप है कि बार-बार शिकायत देने के बावजूद भी पुलिस द्वारा नशा तस्करों पर कोई कार्रवाई नहीं जा रही है। जिसके चलते बेखौफ नशा तस्करों ने क्षेत्र के कुछ लोगों पर तलवारों से हमला तक कर दिया, जिससे 2 लोगों को चोटें आई हैं।
हमले के बाद बिफरे क्षेत्रवासियों ने गत दिवस देर रात भिवानी रोड पर जाम लगाते हुए जमकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने आरोपी महिलाओं सहित 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस के 70 जवानों को आरोपियों की धर-पकड़ में लगाया गया है।
वहीं मंगलवार को एक बार फिर लोगों ने लगातार दूसरे दिन भिवानी रोड पर जाम लगाते हुए प्रशासन पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए डिटेक्टिव स्टाफ, सी. आई.ए., महिला पुलिस सहित थाना पुलिस मौके पर जुटी रही।
मंगलवार को दोबारा जाम लगने की सूचना पर पुलिस के हाथ-पैर फूले रहे तथा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला तथा क्षेत्रवासियों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन जब जाम लगा रहे लोग डेढ़ घंटे तक अपनी मांग पर अड़े रहे तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।
वहीं पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज करते हुए उनकी जल्द गिरफ्तारी की बात कही है। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को सर्च अभियान का विरोध करने के लिए ही जाम लगाया गया है।
सर्च अभियान में कहीं से कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला है, हालांकि लाठी-डंडे व तेजधार हथियार अवश्य बरामद हुए हैं। बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर सेवा समिति भिवानी रोड जींद के राम मेहर सिंह के साथ-साथ क्षेत्रवासी आशीष, वजीर सिंह, गुरुप्रसाद, अंकित, सुरेश, रवि, सुरपीत, मोनू, विक्की, विकास, साहिल, चेतन, दीपक, अंकित, रोहित, रवि, सुनील, साहिल, अमल आदि ने बताया कि बुढ़ा बाबा बस्ती वार्ड नम्बर 30 में कुछ लोग सुल्फा, गांजा, अफीम, स्मैक व नशे के इंजैक्शन आदि सरेआम बेच रहे हैं। जिसके चलते यहां पर जींद शहर के साथ- साथ आसपास के क्षेत्रों से युवक नशीले पदार्थ लेने आते रहते हैं।
दिन भर नशेड़ियों की भारी भीड़ वार्ड में जुटी रहती है। अगर इस बारे में कोई आवाज उठाता है तो उसके साथ नशा तस्कर मारपीट करते हैं। तस्करों के परिवारों से बच्चे तथा महिलाएं लोगों के घरों में पहुंचकर मारपीट करते हैं। जिससे क्षेत्रवासी डर के साये में जीने को मजबूर हैं। नशा तस्करों के आतंक के चलते कुछ लोग यहां से अपना मकान आदि बेचकर भी जा चुके हैं तथा अन्य लोगों को भी जाने की तैयारी में हैं।
क्षेत्र में चोरी की वारदातें तेजी से बढ़ीं
लोगों का कहना है कि जहां एक ओर इन नशा तस्करों की बदौलत क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा है तथा युवा पीढ़ी लगातार नशे की गर्त में जा रही है। वहीं नशे की लत को पूरा करने के लिए युवा चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पूरी-पूरी रात चोर वारदात करने की ताक में क्षेत्र में घूमते रहते हैं जो नशे की हालत में कभी भी किसी के साथ कोई वारदात कर सकते हैं।
अनहोनी का भय बना रहता है।
लोगों का आरोप है कि नशा तस्करों की पुलिस के साथ मिलीभगत है, जिसके चलते वे बेखौफ होकर लोगों की नसों में धीमा जहर घोल रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पुलिस से मिलीभगत के चलते तस्करों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही हैं। जब पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया तो क्षेत्रवासियों ने अपने स्तर पर नशे पर अंकुश लगाने की ठानी। मामले को लेकर 23 अक्तूबर को एक सर्वजातीय पंचायत भी हुई। जिसमें चौकी प्रभारी को भी मौके पर ही बुलाया गया तथा उन्हें भी शिकायती पत्र दिया गया। जब चौकी प्रभारी ने उन्हें आश्वासन दिया था कि जनता पुलिस का साथ देगी तथा वे नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे। इसके बाद एक समिति बनाई गई। जिसने नशीला पदार्थ खरीदने वालों को पकड़ कर पुलिस को सौंपना शुरू किया। लेकिन पुलिस ने बिना कार्रवाई किए ही उन्हें छोड़ दिया।
नशा तस्करों से मिलने लगी धमकियां
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब उन्होंने नशा खरीदने वालों को पकड़ना शुरू किया तो तस्करों के धंधे पर सीधे चोट पहुंची। जिससे वे लोगों को जान से मारने की धमकी देने के साथ-साथ छेड़खानी, दुष्कर्म व अन्य संगीन मामलों में फंसाने की धमकी देने लगे। क्षेत्र में हालात ऐसे हो गए हैं कि कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। हमले की घटना सी.सी.टी.वी. फुटेज में कैद लोगों का कहना है कि बीती 31 अक्तूबर को मास्टर रघुबिंदर के घर के सामने कालोनी के लोग मौजूद थे कि अचानक नशा तस्करी करने वाले परिवार के लोगों ने तेजधार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। जिसमें अनिल व संजय सहित कुछ लोगों को चोटें आईं। जिसकी पूरी घटना सी.सी.टी.वी. कैमरों में भी कैद हो गई है। सोमवार को भी 2 लोगों को चोटें मारी गई हैं, जिससे लोगों का गुस्सा तेजी से भड़का है तथा उन्हें न्याय पाने के लिए जाम लगाने को मजबूर होना पड़ा है।
इन 16 आरोपियों पर हुआ मामला दर्ज
थाना पुलिस ने क्षेत्रवासियों की शिकायत के आधार पर सोमवार देर रात्रि 16 लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या ज्यादा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि परिवार की महिलाओं को आगे कर नशा तस्कर क्षेत्रवासियों पर दबाव बनाते हैं कि यदि उनके खिलाफ शिकायत दी गई तो उन पर छेड़छाड़ व अन्य संगीन आरोपों में केस दर्ज करवाया जाएगा। बहरहाल जिन लोगों पर केस दर्ज हुआ है उनमें मीना, मंजू, मोनिका, सुमन, सौता, नीता, कमलेश, नरेश, सुरेश, कृष्ण, काला, जग्गा व अन्य 10-12 लोग शामिल हैं। सर्च अभियान में घरों से मिले तेजधार हथियार बरामद किए गए हैं।
मंगलवार देर शाम को उप पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने बूढ़ा बाबा बस्ती में घरों के अंदर सर्च अभियान चलाया। जिसमें पुलिस को घरों से तेजधार हथियार तलवार, गंडासी के साथ-साथ लोहे की रॉड, डंडे आदि बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि किसी भी घर से कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला है। पुलिस का यह भी कहना है कि सर्च अभियान की कार्रवाई को लेकर लोगों ने मंगलवार को दोबारा जाम लगाया है। देर रात तक डी. एस. पी. जितेन्द्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर डटे रहे।
पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि बूढ़ा बाबा बस्ती में कुछ लोग नशीला पदार्थ बेचते हैं। जिसे लेकर आज सर्च अभियान चलाया गया है। मौके पर कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। लोगों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ कल रात ही मामला दर्ज कर लिया गया था तथा जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जितेन्द्र कुमार, उप पुलिस अधीक्षक, जींद।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks