नारनौंद में पुलिस गाड़ी के शीशे तोड़ नशा तस्कर को छुड़वाया, तीन पुलिसकर्मी घायल
Drug smuggler freed by breaking glass of police car in Narnaund
नशे के कारोबार को लेकर भारत में उड़ते पंजाब के नाम से महसूर है राजथल गांव
तहलका न्यूज, नारनौंद, सुनील कोहाड़।
नशे के अवैध कारोबार को लेकर हिसार जिले का राजथल गांव पूरे उत्तर भारत में उड़ते पंजाब के नाम से जाना जाता है। क्योंकि इस गांव से नशीले पदार्थो की सप्लाई भारत के अनेक राज्यों में की जाती है। यहां नशा तस्करों के तार गांव से लेकर शहरों तक जुड़े हुए हैं। लेकिन स्थानीय पुलिस के हाथ अब तक कोई बड़ी सफलता हासिल नहीं लगी है।
गांव राजथल में नशा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस पर बस्ती के लोगों ने हमला कर दिया। हमला तब हुआ जब पुलिस ने 15 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ बरवाला निवासी जीवन और गांव के अमित को पकड़ कर गाड़ी में बैठाया था। गाड़ी का पिछला शीशा तोड़ पकड़े आरोपित अमित को छुड़वा लिया। पुलिस उसी समय दूसरे आरोपित जीवन को लेकर वहां से चली गई। इस दौरान सब इंस्पेक्टर कपिल से सात हजार रुपये भी लूट लिए। घटना के दौरान कांस्टेबल ममता सहित एसपीओ संदीप और सुरेश घायल हो गए। वहां से पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे। करीब 30 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज करके उनको पकड़ने के लिए प्रयास जारी किए जा रहे हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव राजथल में कुछ लोग नशा बेच रहे हैं। तुरंत ही सब इंस्पेक्टर कपिल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया और गांव राजथल की बस्ती में दबिश देकर एक मकान से बरवाला निवासी जीवन व राजथल निवासी अमित को 15 ग्राम नशीला पदार्थ सहित पकड़ लिया। पुलिस ने जब दोनों को गाड़ी में बैठाया तो बस्ती में मौजूद करीब 30 लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर हमला कर दिया और गाड़ी का पिछला शीशा तोड़ दिया। सब इंस्पेक्टर कपिल ने शिकायत नारनौंद पुलिस थाने में की है। पुलिस ने अज्ञात 30 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
थाने से कार्रवाई की सूचना मिलते ही बस्ती से नशा तस्कर गायब
कुछ ग्रामीणों ने नाम ना छापने की शर्त कर बताया कि जब जब स्थानीय पुलिस गांव में नशा तस्करों को पकड़ने के लिए आती है तो इसकी सूचना नशा तस्करों को पहले ही लग जाती है। कुछ लोगों ने बताया कि नशा तस्करों के तार स्थानीय पुलिस से भी जुड़े हुए हैं या उनका कोई व्यक्ति थाने में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई की भनक उन्हें पहले ही लग जाती है। जब भी पुलिस गांव में आती है तो उसे कुछ देर पहले बस्ती में चिड़िया उड़ और कबूतर उड़ के बहाने खुफिया कोड वर्ड के इशारों में यह बातें फैल जाती है।
अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चंद्रभान, थाना प्रभारी



कोई टिप्पणी नहीं
Thanks