बदमाशों ने सरपंच मनीष की हत्या के बाद मनाया जश्न, खेतों में बैठकर पी बीयर
Jind news Hindi : miscreants celebrated after murder of Sarpanch Manish, sitting in fields and drinking beer
मोबाइल में जश्न मनाते हुए फोटो भी खींचे।
तहलका न्यूज जींद : काब्रछा गांव के सरपंच मनीष की हत्या करने का आरोपितों को कोई मलाल नहीं था। पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित अलग-अलग भाग निकले। आरोपित नवदीप और बलकेश ने खेतों में बैठकर बीयर पी और हाथों में जश्न मनाया। दोनों आरोपितों ने मोबाइल में जश्न मनाते हुए फोटो भी खींचे। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल को बंद कर लिया। आरोपितों से बरामद मोबाइल में फोटो मिले हैं। जिसमें आरोपित बीयर पीने के साथ हाथों में पिस्तौल लेकर जश्न मनाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
काब्रछा गांव में पहले आपराधिक घटनाएं नहीं
मुठभेड़ में पुलिस की फायरिंग में घायल हुए नवदीप और बलकेश को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां भी उनके चेहरे पर कोई डर या पछतावा नहीं दिखाई दे रहा था। चुनावी रंजिश के चलते मनीष के हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस के अनुसार काब्रछा गांव में पहले आपराधिक घटनाएं नहीं हुई हैं और ये जिले के शांत माहौल वाले गांव में शामिल रहा है। लेकिन वारदात के बाद रंजिश बढ़ सकती है।
वारदात के बाद रात को एसपी गांव में कई घंटे रहे, पुलिस की गई है तैनात
वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया था। मृतक सरपंच मनीष व उसकी हत्या करने के आरोपितों के मकान एक ही गली में हैं। वीरवार रात को गांव में अफवाह थी कि आरोपित गांव के आसपास ही घूम रहे हैं। जिससे दूसरे लोगों की जान को भी खतरा है । इसलिए एसपी सुमित कुमार रात को कई घंटे गांव में रहे। उनके मकान के पास पुलिस भी तैनात की गई है, ताकि माहौल ना बिगड़े। एसपी सुमित कुमार ने प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि पुलिस की पांच टीमें लगातार आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। मनीष के परिवार के अनुसार चुनावी रंजिश में ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।
आरोपित बलकेश के खिलाफ पहले भी दर्ज है मामला
उचाना थाना पुलिस ने मृतक के भाई संदीप की शिकायत पर गांव के ही विनय, नवदीप, बलकेश के अलावा चार अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में आरोपित बलकेश और नवदीप के पैर में गोली लगी हैं। जिन्हें जींद नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपित बलकेश के खिलाफ इससे पहले गांव में झगड़े का मामला दर्ज है। वहीं फरार चल रहे विनय के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
आरोपितों के घर प्यासे थे पशु, पुलिस ने पिलाया पानी
आरोपित के परिवार के लोग फरार हो गए थे। पुलिस ने उन घरों में तलाशी अभियान भी चलाया, वहां कुछ नहीं मिला। आरोपितों के घर पशु बंधे हुए थे। जो भूखे व प्यासे थे। पुलिस ने ही पशुओं को पानी पिलाया ।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks