घेराबंदी के बावजूद फरार हुआ नशा तस्कर
Haryana Sirsa news : Despite the siege, drug smuggler escaped
• पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास • तस्करी के कई मुकदमें हैं दर्ज
तहलका न्यूज ओढां, राजू ।
एंटी नारकोटिक सैल सिरसा, सीआईए स्टाफ डबवाली तथा गोरीवाला पुलिस द्वारा घेराबंदी करने के बावजूद भी गांव मलिकपुरा निवासी अफीम तस्कर जसवीर उर्फ काला फरार होने में कामयाब रहा। तस्कर काला ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का भी प्रयास किया। इस दौरान पुलिस द्वारा फायरिंग भी की गई।
दरअसल माजरा ये था कि एंटी नारकोटिक सैल सिरसा के इंचार्ज एसआई दाताराम को सूचना मिली थी कि गांव मलिकपुरा निवासी अफीम तस्कर जसवीर उर्फ काला गाड़ी में सवार होकर डबवाली क्षेत्र में अफीम की सप्लाई देने जाएगा। जिसके बाद स्टाफ ने खुईयां मलकाना टोल प्लाजा के निकट नाकाबंदी की।
इस दौरान जसवीर उर्फ काला की गाड़ी देखकर पुलिसकर्मी ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो उसने गाड़ी का कट मारकर गाड़ी को मसीतां रोड़ की तरफ भगा लिया । जिसके बाद एंटी नारकोटिक सैल ने इसकी सूचना सीआईए डबवाली को दी। तो एएसआई प्रेम कुमार ने भी टीम सहित तस्कर का पीछा शुरू किया। वहीं स्टाफ ने गोरीवाला पुलिस को भी सूचना दी तो पुलिस ने आगे से नाकाबंदी कर दी।
इस दौरान गोरीवाला पुलिस की नाकाबंदी देखकर तस्कर जसवीर ने गाड़ी को वापस मोड़ लिया। स्वयं को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारते हुए कर्मचारियों को कुचलने का प्रयास किया। इस दौरान एंटी नारकोटिक सैल ने तस्कर की गाड़ी पर फायरिंग भी की, लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की धर-पकड़ के लिए कई जगहों पर छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं लग पाया।
इस संबंध में सदर डबवाली पुलिस ने आरोपी जसवीर उर्फ काला के खिलाफ जानलेवा हमला करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने व कर्मचारियों को कुचलने का प्रयास करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की धर-पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है ।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks