डिलीवरी के बाद महिला की बिगड़ी तबीयत, निजी अस्पताल में मौत
Charkhi dadari news today : Woman health deteriorated after delivery, died in private hospital
तहलका न्यूज चरखी दादरी
दादरी शहर के निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म देने के बाद महिला की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टर की पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर शहर के दो निजी अस्पतालों के चिकित्सकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड से करवाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
वीरवार को शहर के वार्ड नंबर 6 निवासी रितिका पत्नी तुषार को प्रसव पीड़ा के बाद शहर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया था। जहां रितिका ने लड़की को जन्म दिया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी तबीयत खराब हो गई । तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो चिकित्सक ने रितिका के परिजनों को किसी दूसरे अस्पताल में उपचार की सलाह दी।
परिजन उसको शहर के लोहारू रोड स्थित दूसरे निजी अस्पताल में ले गए। यहां चिकित्सक ने उसको दाखिल कर लिया। कुछ देर बाद रितिका ने दम तोड़ दिया। रितिका की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
इस दौरान दर्जनों लोग अस्पताल में घुस गए तथा चिकित्सक के साथ मारपीट करने लगे। मामले की सूचना मिलते ही दादरी सिटी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया। पुलिस के लाख समझाने के बाद भी परिजनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और लगातार 3 घंटे तक अस्पताल परिसर में बवाल करते रहे। घंटों तक महिला शव निजी अस्पताल में ही रखा रहा।
मृतका के परिजनों ने बताया कि जब अस्पताल में दाखिल करवाया गया तो चिकित्सकों ने बताया था कि रितिका खतरे से बाहर है। उन्होंने बार-बार चिकित्सकों से रितिका की हालत के बारे में पूछा लेकिन हर बार नॉर्मल बताया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लालच में चिकित्सकों ने रितिका की हालत गंभीर होने के बाद भी उनको गुमराह किया गया।
चिकित्सकों के खिलाफ मामला दर्ज
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी राजकुमार ने बताया कि दोनों निजी अस्पतालों के चिकित्सकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड से करवाने के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया है। जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks