Meham News : स्मार्ट कार्ड खत्म, महीने से डीएल व आरसी के लिए चक्कर काट रहे लोग
Meham News Smart card over, people are circling for DL and RC for a month
तहलका न्यूज महम ।
महम के एसडीएम कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने और वाहनों पंजीकरण का काम तो हो रहा है, लेकिन ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी लोगों को नहीं मिल रहे हैं। वजह है लाइसेंस व आरसी बनाने वाली कंपनी के पास स्मार्ट कार्ड नहीं हैं। स्मार्ट कार्ड पर ही दोनों दस्तावेज प्रिंट करके लोगों को दिए जाते हैं। बताया जा रहा है पिछले एक महीने से कंपनी को स्मार्ट कार्ड नहीं मिले हैं। इसलिए लोग लाइसेंस व आरसी लेने के लिए एसडीएम कार्यालय में चक्कर काट रहे हैं। हालांकि ये दस्तावेज डाक द्वारा संबंधित व्यक्ति के घर पर भिजवाए जाते हैं। लेकिन डाक द्वारा जब घर नहीं पहुंचते तो लोग अपना लाइसेंस व आरसी लेने के लिए एसडीएम कार्यालय आते हैं। लेकिन यहां जवाब मिलता है कि स्मार्ट कार्ड खत्म हो चुके हैं। कंपनी के कर्मचारियों को खुद यह पता नहीं है किउनके पास स्मार्ट कार्ड कब आएंगे। हालांकि कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि वे बार बार कंपनी के अधिकारियों को कार्ड भेजने की डिमांड करते रहते हैं। लेकिन अब तक उनके पास कार्ड नहीं पहुंचे हैं। जिस वजह से लोग तो परेशान हैं ही, इसके अलावा काम की पेंडिंग भी बढ़ रही है।
300 रुपये लेने के बाद ये हाल
एसडीएम कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी बनाने का काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि जब वे लाइसेंस बनाने की फीस लेते हैं, तो उसमें वे प्रति व्यक्ति 300 रुपए स्मार्ट कार्ड से लाइसेंस बनाने वाली कंपनी को देते हैं। पैसा तो लगातार उपभोक्ताओं द्वारा कंपनी को दिया जा रहा है। लेकिन उसके बदले उपभोक्ता को मिलने वाला कार्ड नहीं दिया जा रहा।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks