हरियाणा से यूपी बारात में गए युवक का शव सोनीपत में मिला, देर शाम तक शव का एक्सरे नहीं होने से बिफरे परिजनों ने लगाया जाम, गृहमंत्री के संज्ञान में आया मामला, देर सायं सिटी स्कैन कर किया पोस्टमार्टम !
तहलका न्यूज. सोनीपत।
गांव मुकीनपुर से बरात में गए एक युवक की हत्या करने का मामला संज्ञान में आया है। आशंका जताई जा रही है और वारदात को शनिवार सुबह अंजाम दिया गया है। क्योंकि मृतक देर रात तक बारात में शामिल था। इस वारदात को दीपालपुर- पलड़ा रोड पर खान के पास अंजाम दिया गया। सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एक्सरे ना होने से मृतक के परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। जिसके बाद विधायक ने गृहमंत्री अनिल विज से फोन पर बातचीत की तो प्रशासन हरकत में आया और देर रात शव का एक्सरे कर पोस्टमार्टम किया गया।
पुलिस ने मृतक के चाचा के ब्यान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को नागरिक अस्पताल में भेजने के बाद शाम पांच बजे तक शव का एक्स-रे नहीं हुआ और ना ही पोस्टमार्टम हुआ। इससे गुस्साए ग्रामीण बिफर गए और ग्रामीणों ने सोनीपत के नागरिक अस्पताल के सामने महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगा दिया।
मृतक युवक के शव को लेकर परिजन सुबह करीब नौ बजे सामान्य अस्पताल में पहुंच गए थे। वहां पर एक्स-रे नहीं होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि एक्स-रे में जिस कर्मी की ड्यूटी थी उसने फोन भी नहीं उठाया । इसी वजह से शाम पांच बजे तक पोस्टमार्टम नहीं हुआ। इससे परिजनों का गुस्सा फुट पड़ा और शव को स्ट्रेचर पर रखकर सामान्य अस्पताल के बाहर लेकर आ गए। परिजनों ने शव को महाराणा प्रताप चौक पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों की मांग थी कि एक्स-रे के लिए लापरवाही बरतने वाले कर्मी को संस्पेंड किया जाए।
राई विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री के संज्ञान में डाला मामला
पोस्टमार्टम नहीं होने की सूचना मिलते ही सोनीपत के विधायक सुरेंद्र पंवार व राई विधायक मोहन लाल बड़ौली भी नागरिक अस्पताल में पहुंच गए। विधायक मोहन लाल बड़ौली ने ग्रामीणों को ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया और पोस्टमार्टम में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारी व कर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया। उन्होंने इस मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को फोन पर अवगत करवाते हुए कहा कि अगर इस तरह के मामले में भी पीड़ित पक्ष को जाम लगाना पड़े, तो यह शर्म की बात है। इस मामले में ठोस कार्रवाई करवाई जाएगी।
जाम की सूचना मिलते ही बहालगढ़ थाना प्रभारी ऋषिकांत मौके पर पहुंचे। उन्होंने डिप्टी सीएमओ डॉ. गिन्नी लांबा से मिलकर ग्रामीणों को समझाकर आधे घंटे में जाम खुलवाया। इसके बाद खरखौदा से एक्स-रे के लिए रेडियोलॉजिस्ट बुलाया गया तो उसने एक्स-रे नहीं होने के कारण बताए, इसके बाद सिटी स्कैन करवा कर शव का पौन सात बजे पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया।
मूलरूप से गांव मुकीनपुर फिलहाल शामाबाद निवासी ओम प्रकाश ने बताया कि उनके बड़े भाई नारायण सिंह का बड़ा बेटा प्रवीण (28) गांव मुकीनपुर में ही अपने परिवार सहित रहता था। वह मुरथल स्थित एक ढाबे के पास शीतल पेय की दुकान चलाता था। प्रवीण शुक्रवार रात को गांव के अंकित की बरात में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के गांव सुल्तानपुर गया था और वो बरात में भी शामिल था। उसके बाद वह वहां से आ गया। शनिवार सुबह करीब सात बजे राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस और उन्हें दी गई कि गांव दीपालपुर-पलड़ी के बीच खान के पास प्रवीण का शव पड़ा हुआ मिला। उसके सिर के पिछले हिस्से में चोट मारकर उसकी हत्या की गई है।
अस्पताल में पहुंचे विधायक सुरेंद्र पंवार ने लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। बाद में पहुंचे राई विधायक ने कार्रवाई का आश्वासन देने के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को फोन कर मामले से अवगत करवाया है। देर शाम पोस्टमार्टम करवाकर परिजन शव को लेकर गांव में रवाना हुए।
बहालगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ऋषिकांत व उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिन्नी लांबा ने आधे घंटे बाद समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने देर शाम को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिर में चोट लगने के कारण युवक की मौत हुई है। मृतक अपने परिवार का इकलौता सहारा बताया जा रहा है। मृतक के चाचा ओम प्रकाश ने बताया कि उसके बड़े भाई की मृत्यु करीब 25 साल पहले हो गई थी। तब प्रवीण काफी छोटा था। जनवरी 2016 में उनके बड़े भाई के छोटे बेटे रोहित उर्फ सुशी का भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी । उसके बाद से प्रवीण ही पूरे परिवार को संभाल रहा था। अब उसकी भी हत्या कर दी गई है।
इस संबंध में बहालगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ऋषिकांत ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के सिर में चोट मारकर हत्या की गई है। मृतक के चाचा के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। एक्सरे नहीं होने के चलते शव का पोस्टमार्टम करवाने में देरी हो गई थी। बाद में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस मामले में लापरवाही करने वाले स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा ।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks