उकलाना में मंत्री अनूप धानक का विरोध, विरोध कर रहे ग्रामीणों को घसिटते हुए ले गई पुलिस !
Haryana Hisar news Protest against Minister Anoop Dhanak in Uklana, police dragged away the protesting villagers
तहलका न्यूज : हिसार सुनील कोहाड़
हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर में शनिवार को राज्यमंत्री अनूप धानक ने लोगों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए खुला दरबार लगाया हुआ था। दरबार में उस समय अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया जब ग्रामीणों ने राज्यमंत्री अनूप धानक को काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीण इस बात से खफा हैं कि चुनाव से पहले किए गए वादे को अनूप धानक ने मंत्री बनने के 4 साल बीत जाने के बाद भी आज तक पूरा नहीं किया है। विरोध कर रहे लोगों को पुलिस घसीटते हुए गाड़ी में चढ़ा कर ले गई।
सड़क नहीं बनाए जाने से खफा हैं ग्रामीण
जैसे ही ग्रामीणों को मंत्री के खुले दरबार की सूचना लगी तो शुक्रवार को ही राज्यमंत्री अनूप धानक के कार्यक्रम का विरोध करने का फैसला कर लिया था। सीआईडी के माध्यम से इसकी सूचना पुलिस को लग गई तो मंत्री के पहुंचने से पहले ही गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था। जैसे ही मंत्री गांव में पहुंचे तो विरोध करने वाले लोगों ने मंत्री को काले झंडे दिखाए और नारेबाजी करने लगे तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। जबकि कुछ लोगों को घसीटते हुए नजर आई। राज्य मंत्री अनूप धानक शनिवार को खुला दरबार लगाने के लिए गांव दौलतपुर पहुंचे थे और यहां पर लोगों की समस्या सुनकर उनका समाधान करना था।
चुनाव से पहले किया था मंत्री ने वादा
विरोध कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि अनूप धानक ने विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि गांव दौलतपुर से नयागांव सड़क निर्माण करवा जाएगा। क्योंकि इस रास्ते पर 60 के करीब ढ़ाणिया बनाकर लोग अपने परिवार के साथ रहते हैं। लेकिन मंत्री बनने के बाद उन्होंने इस रास्ते को पक्का करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। जिसके कारण ही रास्ता आज भी ज्यों का त्यों कच्चा है।
ग्रामीणों का आरोप : विधायक ही नहीं मंत्री बनने के बाद भी नहीं हुआ काम
ग्रामीण चंद्रप्रकाश, संदीप, प्रदीप, किताबों, भतेरी इत्यादि ने बताया कि जब तक जेजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए चुनावी दंगल में उतरे और उनके पास वोट मांगने के लिए आए तो कच्चा रास्ता देख कर अपने आप ही कहा था कि एक बार विधायक बन जाऊं सबसे पहले इस रास्ते को पक्का किया जाएगा। लेकिन वह विधायक ही नहीं सरकार में मंत्री भी हैं और मंत्री बनने के 4 साल बाद भी आज तक इस रास्ते को पक्का नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक ढाई किलोमीटर लंबे इस रास्ते को पक्का नहीं किया जाता तब मंत्री को गांव में नहीं घुसने दिया जाएगा।
दर्जनों ढ़ाणियों में रहने वालों सहित दो गांव के लोग हैं कच्चे रास्ते से परेशान
राज्यमंत्री अनूप धानक का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि जिसमें वोट मांगने के लिए अनूप धानक उनके पास वोट मांगने के लिए आए और रास्ता पक्का करने की बात की थी उस समय रास्ते में केवल कुछ रेत ही था। जिससे परेशान होकर उन्होंने रास्ता पक्का करने का ऐलान कर दिया था। लेकिन ग्रामीणों की बात करें तो रास्ते में रेत भी होता है और बारिश के दिनों में किचड़ी होता है। ढाणियों में रहने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 3 साल से इस रास्ते को पक्का करने की मांग को लेकर कई बार मंत्री के चक्कर लगा चुके हैं लेकिन हर बार यही आश्वासन मिलता है कि रास्ते को पक्का कर दिया जाएगा। ये 33 फीट चौड़ा रास्ता पक्का करने की मंजूरी मिल चुकी है। उसके बावजूद आज तक इस रास्ते को पक्का करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks