हिसार चंडीगढ़ मार्ग वाया तलवंडी राणा बरवाला मार्ग विवाद : ग्रामीण क्रमिक अनशन पर बैठे, दूधिया पहुंचे काले झंडे लगाकर !
Haryana Hisar news Hisar Chandigarh Marg Via Talwandi Rana Barwala Marg Controversy
तहलका न्यूज़ हिसार सुनील कोहाड़
हिसार से चंडीगढ़ जाने के लिए पहले सदर थाना पुलिस हिसार व पुलिस लाइन के बीच से रास्ता होकर गुजरता था। लेकिन एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर इस रास्ते को पहले ही बंद कर दिया था और हिसार एयरपोर्ट के बीचो बीच एयरपोर्ट चौक से तलवंडी राणा तक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया था लेकिन आधी रात के अंधेरे में प्रशासन द्वारा इस रास्ते को बंद करने को लेकर उपजे विवाद में ग्रामीण पिछले 1 सप्ताह से धरने पर बैठे हुए हैं और प्रशासन व सरकार उनकी इस मांग को सुनने को तैयार नहीं है। इसके विरोध में ग्रामीण मंगलवार से क्रमिक अनशन पर बैठ गए हैं इसके तहत हर रोज सात ग्रामीण धरना स्थल पर क्रमिक अनशन पर बैठेंगे।
दूध का कारोबार करने वाले दूधिए पहुंचे काले झंडे लगाकर
हिसार तलवंडी राणा मार्ग बंद करने को लेकर उपजे विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है मंगलवार को दूध का कारोबार करने वाले दूधिए अपने मोटरसाइकिल व अन्य वाहनों पर काले झंडे लगाकर धरना स्थल की ओर रवाना हुए। उन्हें देखकर पुलिस एकदम से चौकन्ना हो गई। पुलिस को लगा कि कहीं कोई बवाल ना हो जाए। तो उन्होंने उनको तुरंत रोक लिया तो दूरियों ने उन पुलिस को बताया कि इस रास्ते को बंद करने को लेकर ग्रामीणों का समर्थन करने के लिए आए हैं तो पुलिस ने उन्हें आगे जाने दिया।
8-10 किलोमीटर की जगह करनी पड़ रही है 20-25 किलोमीटर अधिक दूरी तय
दूध का कारोबार करने वाले लोगों ने बताया कि वो तलवंडी राणा, धांसू, जुगलान, बहबलपुर, धिकताना इत्यादि गांव से दूध लेकर शहर में बेचने के लिए आते हैं जिसके कारण की तलवंडी राणा से हिसार की दूरी पहले 8- 10 किलोमीटर बैठती थी। लेकिन यह मार्ग बंद करने के बाद एयरपोर्ट चौक के रास्ते जो रास्ता तैयार किया गया था। उससे यह दूरी कुछ बढ़ गई थी, लेकिन अब इस रास्ते को बंद करने से उनको करीब 20 से 25 किलोमीटर का चक्कर अधिक काटना पड़ रहा है ऐसे में उनके खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं एक तरफ तो सरकार की कमरतोड़ महंगाई ने लोगों के घरों का बजट बिगाड़ रखा हुआ है दूसरी तरफ सरकार के इस फैसले से उनके कारोबार की भी कमर टूट गई है।
समाज सेवी व राजनेता पहुंचे समर्थन देने
ग्रामीणों के धरने पर मंगलवार को पूर्व मंत्री संपत सिंह रामनिवास राडा कंडेला खाप के प्रधान सहित अनेक समाजसेवी व राजनेता समर्थन करने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार ग्रामीणों को कम दूरी का कोई वैकल्पिक मार्ग तैयार करके नहीं देती तब तक इस मार्ग को बंद करना सरकार की छोटी मंशा को साफ दर्शाता है। सरकार के कार्य जनता हित के लिए होते हैं और जानकारियों से जनता को परेशानी हो वह कार्य किसी भी सूरत में जनता के हित में नहीं हो सकते।
प्रशासन ने आधी रात को उखाड़ दिया था रोड़
पुलिस प्रशासन ने पिछले शुक्रवार रात 1 बजे हिसार तलवंडी राणा मार्ग को आधी रात को गुपचुप तरीके से उखाड़ दिया। सड़क पर करीब 2 जगह पर JCB से गहरे गड्ढे खोद दिए। इससे पहले दोनों ओर से रास्तों को बंद करने की कार्रवाई धरना स्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर की गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks