हिसार में फिर नहर में गिरी कार, दो दोस्तों की मौत !
तहलका न्यूज / हिसार : सुनील कोहाड़
दिल्ली हिसार हाईवे पर पीपला पुल पर नहर में कार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। एक सप्ताह भी नहीं हुआ था कि मंगलवार की देर शाम आदमपुर क्षेत्र के गांव में भी एक कार नहर में गिर गई। जिसके कारण डूबने से दो दोस्तों की मौत होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया। जिनका पोस्टमार्टम बुधवार को करवाया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार मोडा खेड़ा निवासी सोनू और सुरेश किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। जब वो मंगलवार की देर शाम अपने गांव आ रहे थे तो मोडाखेड़ा से दड़ौली रोड़ पर नहर पुल के पास मोड़ पर कार चालक संतुलन खो बैठा और कार पलटी खाते हुए दिल तोड़कर किशनगढ़ ब्रांच नहर में जा गिरी। बताया जा रहा है कि किशनगढ़ ब्रांच नहर में कार गिरने से पहले गाड़ी पलटने से शीशे टूट गए। इस कारण कार में पानी भर गया। कार के दरवाजे नहीं खुलने से दोनों दोस्त कार में ही फंस गए। नहर में करीब 4 से 5 फीट पानी था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। पुलिस ने जब दोनों को नहर से बाहर निकाला तो सोनू की सांसे चल रही थी, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जबकि सुरेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। क्रेन व जेसीबी की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला।
आदमपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को आदमपुर नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है। बुधवार को हिसार के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks