कापड़ो के विक्रम के शव को लेकर बवाल, परिजनों ने जाम लगाकर किया प्रदर्शन !
परिजनों का आरोप बिना कुछ जाने शव को ले गए अग्रोहा, भीम आर्मी ने दी चेतावनी
हिसार : तहलका न्यूज
नारनौंद क्षेत्र के गांव कापड़ो के विक्रम की हत्या के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को परिजनों ने भीम आर्मी और अन्य संगठनों के साथ मिलकर आईजी चौक पर जाम लगा दिया। जाम लगाने के 10 मिनट बाद लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी डीसी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे। इस दौरान पुलिस कर्मियों के साथ बहस बाजी भी हुई। एडीसी नीरज मौके पर पहुंचे तो उन्हें ज्ञापन सौंपा।
नागरिक अस्पताल में सीएमओ कार्यालय के बाहर चार दिन से धरने पर बैठे कापड़ो गांव के ग्रामीण, भीम आर्मी और अन्य संगठनों के लोग अस्पताल से प्रदर्शन करते हुए आईजी चौक पर पहुंचे। मृतक विक्रम के परिजनों ने कहा कि चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके अलावा पुलिस ने अब तक विक्रम की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी नहीं दी है। परिजनों से बिना कुछ जाने ही पुलिस शव को नागरिक अस्पताल से उठाकर मेडिकल कॉलेज अग्रोहा ले गई। तीन दिन से शव को वापस नागरिक अस्पताल हिसार में लाने की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। भीम आर्मी के जिला प्रधान प्रदीप ने चेतावनी दी कि अगर सोमवार शाम तक शव मेडिकल कॉलेज अग्रोहा से हिसार नहीं लाया जाता तो मंगलवार को आईजी चौक के सामने रोड़ जाम कर दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks