बिजली निगम का फोरमैन दस हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा !
स्टेट विजिलेंस ब्यूरो की टीम की कार्रवाई से हड़कंप
जींद : तहलका न्यूज
बिजली निगम में छोटे छोटे काम करवाने के लिए लोगों को जेब ढीली करनी पड़ती है। बिना रिश्वत दिए बिजली निगम के कर्मचारी किसी काम को पूरा कर दें, ये सुनने में अटपटा सा लगने लगा है। स्टेट विजिलेंस ब्यूरो ने मीटर चेंज करने की एवज में बिजली निगम के जेई कम फोरमैन को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है । स्टेट विजिलेंस ब्यूरो ने फोरमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है ।
गांव अलेवा निवासी जयभगवान ने स्टेट विजिलेंस ब्यूरो को दी शिकायत में बताया था कि उसने घरेलू बिजली मीटर के लिए अप्लाई किया हुआ था । उसके नाम के मीटर को दूसरे उपभोक्ता के घर लगा दिया गया । जिस पर उसने बिजली निगम के जेई कम फोरमैन श्रीभगवान से मीटर चेंज करने के लिए कहा तो मीटर चेंज की एवज में उसने दस हजार रुपये रिश्वत की मांग की । शिकायत के आधार पर छापामार टीम का गठन किया गया । डयूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तहसीलदार अजय सैनी को नियुक्त किया गया जबकि टीम की कमान निरीक्षक मनीष कुमार को सौंपी गई । टीम में सब इंस्पेक्टर बलजीत , एएसआई कमलजीत , सिपाही संजय तथा सोनू को शामिल किया गया । छापामार टीम ने डयूटी मजिस्ट्रेट से हस्ताक्षर तथा पाउडर लगा कर 500-500 रुपये के 20 नोट शिकायतकर्ता को थमा दिए ।
शिकायतकर्ता ने फोरमैन श्रीभगवान से संपर्क साधा तो उसने कार्यालय आने के लिए कहा । शिकायतकर्ता ने जैसे ही कार्यालय में श्रीभगवान को रिश्वत राशि थमाई तो इशारा मिलते ही विजिलेंस टीम ने उसे काबू कर लिया और उस से रिश्वत ली गई राशि को बरामद कर लिया । हाथ धुलवाए जाने पर हाथों का रंग लाल हो गया । स्टेट विजिलेंस ब्यूरो ने जेई कम फोरमैन श्रीभगवान के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है । स्टेट विजिलेंस ब्यूरो के निरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि मीटर चेंज करने के नाम पर दस हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली निगम अलेवा के जेई कम फोरमैन को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है । जिससे पूछताछ की जा रही है ।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks