जीवन अमूल्य है, इसलिए ये गलती भूल कर भी ना करें : उपायुक्त
जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
हिसार, 07 सितंबर।उपायुक्त उत्तम सिंह ने जिले में सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त बुधवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस सभागार में जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक ले रहे थे। प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को ओवरलोड, ओवर स्पीड, सीट बैल्ट तथा बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों के चालान करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारी एवं कर्मचारी से कहा कि जीवन अमूल्य है और इसके सुरक्षित रखने के लिए गाड़ी में सीट बेल्ट एवं दोपहिया वाहनों पर हेलमेट पहनना सुनिश्चत करें। लोक निर्माण विभाग (भवन व मार्ग शाखा) के अधिकारियों को समिति की बैठक में रखे गए सडक़ मार्गो की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि सडक़ दुर्घटनाओं से बचा जा सके। सडक़ दुर्घटनाओं के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार ट्रैफिक लाइट, स्पीड ब्रेकर तथा सफेद पट्टी बनाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में हांसी-भिवानी मार्ग, हांसी लोकल, हिसार-तोशाम मार्ग, सोरखी सडक़ सहित विभिन्न सडक़ मार्गों कि मरम्मत करने को लेकर भी निर्देश दिए गएं।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिहाग को प्राइवेट स्कूलों की बसों को नियमित रूप से चैकिंग करने की हिदायत दी है। प्राइवेट स्कूलों की बसों में सडक़ सुरक्षा के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सडक़ मार्गों पर वृक्षों की टहनियों एवं झाडिय़ों की कटाई नियमित रूप से की जाए। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव डॉ सुनील कुमार ने समिति की बैठक में विभिन्न कार्यों को लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर नारनौंद के एसडीएम विकास यादव, बरवाला के एसडीएम राजेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं
Thanks