राम रहीम का परिवार लंदन में बसा, क्या हनीप्रीत का हो गयाडेरा सच्चा सौदा पर एकाधिकार ?
हनीप्रीत और डेरा प्रमुख के परिजनों से मतभेद जग जाहिर !
सिरसा : तहलका न्यूज
डेरा सच्चा सौदा पर अब हनीप्रीत का एकाधिकार होता हुआ नजर आ रहा है, क्योंकि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का पूरा परिवार विदेश जाकर बस गया है। हालांकि राम रहीम की मां नसीब कौर और पत्नी हरजीत कौर यहीं पर रहेंगी, लेकिन बेटी अमरप्रीत और चरणप्रीत परिवार समेत लंदन जाकर बस गई हैं। अमरप्रीत और चरणप्रीत पहले ही लंदन जा चुकी थी और जसमीत का परिवार भी 26 सितंबर को लंदन चला गया।
राम रहीम के परिवार के साथ हनीप्रीत के मतभेद जग जाहिर हैं। डेरा प्रमुख जेल से जारी अपनी 9वीं चिट्ठी में खुद परिवार और हनीप्रीत के बीच एकजुटता को लेकर स्पष्टीकरण दे चुका है। राम रहीम ने 28 मार्च को जेल से लिखी अपनी 9वीं चिट्ठी भेजी थी। जिसमें मतभेद की चर्चाओं पर डेरा प्रमुख ने पहली बार पारिवारिक सदस्यों और हनीप्रीत का जिक्र किया। इस पत्र में परिजनों व हनीप्रीत के मतभेदों पर विराम लगाने का प्रयास किया था। इसमें कहा गया था कि उनका परिवार अब विदेश में सेटल होने जा रहा है। इसके लिए बेटियों व बेटे ने बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए उनसे इजाजत मांगी है। विपासना इंसा की जगह पीआर नैन को नया चेयरपर्सन बनाया जाता है। डेरा मैनेजमेंट में भी कुछ बदलाव की बात राम रहीम ने चिट्ठी में की थी। बताया जा रहा है कि इस बदलाव में हनीप्रीत के समर्थकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गईं हैं। पत्र में डेरा प्रमुख ने लिखा था कि हमारे सारे सेवादार, एडमिन ब्लॉक सेवादार, जसमीत, चरणप्रीत, हनीप्रीत, अमरप्रीत सब एक हैं और हमारे वचनों पर चलते हैं। चारों हमें रोहतक इकट्ठे छोड़ने आए थे और एक साथ ही चारों इकट्ठे वापस गए थे। जसमीत, चरणप्रीत और अमरप्रीत ने हमसे आज्ञा ली है कि वो बच्चों की 'उच्च शिक्षा' दिलवाने के लिए वे विदेश जाएंगे। इसलिए प्यारी साध-संगत जी आपने किसी के बहकावे में नहीं आना है।
डेरा प्रमुख के परिवार के विदेश जाने के बाद अब हनीप्रीत ही डेरा प्रमुख के सबसे करीब है। क्योंकि डेरा प्रमुख को साध्वी यौन शोषण केस में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। जोकि रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। ऐसे में अब हनीप्रीत ही इकलौती है, जो राम रहीम के नजदीक है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बागपत में राम रहीम हनीप्रीत के साथ ही प्रेमियों के समक्ष लाइव हुआ था और उसकी प्रशंसा की थी।
राम रहीम की बड़ी बेटी अमरप्रीत और दामाद 18 मई 2022 को विदेश चले गए थे। अमरप्रीत ने डेरा छोड़ने के बाद लंदन से अपने घर छोड़ने का दुख जाहिर किया। अमरप्रीत ने ट्वीट किया मेरे परिवार के सभी सदस्यों ने मेरा सपोर्ट किया। हमारे लिए घर और परिवार छोड़ना बड़ा मुश्किल था। हालांकि मैं जानती हूं कि परिवार मेरे साथ हैं और मैं परिवार के साथ। भगवान सबका भला करें। यह मैटर नहीं करता कि वे सपोर्टर हों या नफरत करने वाले।अपने तो अपने होते हैं। अमरप्रीत ने एक वीडियो भी शेयर की थी, जिसमें घर छोड़ते हुए पूरा परिवार भावुक नजर आ रहा है। वीडियो में पंजाबी गाने के माध्यम से दर्द बयां किया गया है। डेरा प्रमुख की मां नसीब कौर, पत्नी, बेटा जसमीत, बहू हुसनमीत और बाकी सदस्य अमरप्रीत से बिछुड़ते हुए उसे नम आंखों से विदाई दे रहे हैं। इस दौरान हनीप्रीत और प्रबंधन का कोई भी सदस्य उस दौरान वहां पर मौजूद नहीं था। इससे स्पष्ट होता है कि डेरा प्रमुख के परिजनों से हनीप्रीत के संबंध अच्छे नहीं है।
डेरे के पास है अरबों रुपए की प्रॉपर्टी
डेरा सच्चा सौदा की अरबों रुपए की प्रॉपर्टी ट्रस्ट के नाम पर है। डेरे के पास सिरसा में ही करीबन 900 एकड़ जमीन है। इसके अलावा पूरे देश में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रॉपर्टी और रिहायशी कोठियां अलग से हैं। डेरा प्रमुख के बेटे, बेटियों और दामादों के पास डेरे की कोई जिम्मेदारी नहीं थी।
राम रहीम के परिवार के विदेश में बसने की वजह हनीप्रीत के साथ मतभेद होना माना जा रहा है। कुछ समय पहले डेरा प्रमुख के परिवार ने एक पत्र भी अनुयायियों को जारी किया था, जिसमें परमार्थ के लिए उनके नाम पर चंदा इक्ट्ठा करने का हवाला दिया गया था रहा है, इसलिए हमारे नाम पर कोई चंदा जुटा जा रहा है तो इसकी जानकारी उन्हें दें। डेरा प्रमुख के परिवार ने पहली बार अपने अनुयायियों को ऐसा पत्र पहली बार जारी किया था, ताकि उनके नाम का कोई दुरुपयोग ना कर सके।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks