चपरासी पढ़ाता है नौंवी कक्षा का गणित, छात्रा की किताब पर लिखा मोबाइल नंबर, ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला अध्यापकों को बनाया बंधक !
चपरासी ने छात्राओं को भेजा फ्रेंडशिप का मैसेज, ग्रामीणों ने स्कूल पर ताला जड़ स्टाफ को बनाया बंधक
नरवाना : तहलका न्यूज
जींद जिले के डोहाना खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने ताला जड़ दिया और स्कूल के अध्यापकों सहित पूरे स्टाफ को बंधक बना लिया। स्कूल पर ताला जड़ने व स्टाफ को बंधक बनाने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और गांव में पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन बात नहीं बनी। उसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बातचीत की। आखिरकार स्कूल के सारे स्टाफ को बदलने पर रजामंदी हो गई और ग्रामीण स्कूल पर जड़े हुए ताले को खोलने पर राजी हुए।
मिली जानकारी के अनुसार नरवाना क्षेत्र के गांव डोहानाखेडा की छात्राओं ने स्कूल के चपरासी मोहित पर अश्लील हरकत करने और फोन कर फ्रेंडशिप के लिए दबाव बनाने की जानकारी अपने परिजनों को दी तो इससे गुस्साए परिजन स्कूल पहुंचे और स्कूल पर ताला जड़ दिया। जब स्कूल की छुट्टी हुई तो ग्रामीणों ने स्कूल स्टाफ को बाहर नहीं निकलने दिया। ग्रामीणों ने बताया कि विश्वास के साथ छात्राओं को स्कूल में भेज रहे है, लेकिन स्कूल का स्टाफ छात्राओं की सुरक्षा करने की बजाए मामले को रफा-दफा करने में लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि चपरासी की हरकत के बारे में स्टाफ को शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके कारण चपरासी के हौंसले इतने बढ़ गए कि वो अश्लील हरकतें भी करने लगा।
ग्रामीणों ने कहा कि खाली समय में स्कूल का चपरासी कक्षा 9वीं के छात्रों को गणित पढ़ाता है। एक छात्रा की किताब पर अपना मोबाइल नंबर लिखा और उन्होंने छात्रा पर दबाव भी बना हुआ था चपरासी और 9वीं कक्षा की छात्रा की रिकॉर्डिंग मोबाइल में है। उन्होंने शिक्षा विभाग एवं स्कूल अध्यापक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस व खंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से उनकी समस्या सुनी तो ग्रामीणों ने बताया कि चपरासी छात्राओं के पास फ्रेंडशिप करने का दबाव डाल कर उनके साथ गलत हरकतें करने की कोशिश करता है। जब छात्राओं व अभिभावकों ने इसकी शिकायत स्कूल के अध्यापकों से की तो उन्होंने कोई कार्यवाही नहीं की। ऐसे में रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। इसलिए उन्हें स्कूल में कार्यरत किसी भी अध्यापक पर विश्वास नहीं है।
चपरासी के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। पूरे स्कूल स्टाफ का तबादला कर नया स्टाफ नियुक्त किया जाए। स्कूल में गणित अध्यापक का पद दो वर्षो से खाली है उसे भी नियुक्त किया जाए। कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा दी गई लिखित शिकायत उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और उनकी अन्य समस्याओं का समाधान भी कर दिया जाएगा।
उचाना के कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी विनय जिंदल ने बताया कि 12 अध्यापक हैं। ग्रामीणों ने चपरासी पर छात्राओं से छेडछाड़ करने के आरोप लगाए है साथ ही पूरे स्टाफ के तबादले की मांग की है। जिसके बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। विभाग के दिशा निर्देशों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सदर थाना नरवाना प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks