हांसी में 63078 मतदाता चेयरमैन के लिए पहली बार सीधा करेंगे मतदान !
नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए तमाम प्रबंध पूर्ण: एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह
नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रेस वार्ता को संबोधित करते एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह अहलावत।चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू
हांसी : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह अहलावत ने बताया कि हांसी नगर परिषद में कुल 27 वार्ड है। इन सभी वर्गों में मतदाताओं की सुविधा अनुरूप मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया इस बार नगर परिषद प्रधान पद के लिए मतदान करवाया जा रहा है। नगर परिषद हांसी में कुल 63078 मतदाता है जिनमें 33284 पुरुष तथा 29794 महिला मतदाता है। चुनाव को लेकर तमाम तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई है। मतदान के लिए पर्याप्त 108 ईवीएम मशीन उपलब्ध हो चुकी है। इनके अलावा निर्धारित मात्रा में ईवीएम मशीनों को रिजर्व में भी रखा गया है ताकि चुनाव में किसी प्रकार का कोई व्यवस्था नहीं हो।
एसडीएम ने कहा की नगर परिषद हांसी के वार्ड नंबर 11, 19 तथा 26 को अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए रिजर्व रखा गया है। वार्ड नंबर 1 तथा 27 को अनुसूचित जाति की महिला उम्मीदवारों के लिए रिजर्व रखा गया है। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 4 ,10 ,12, 16 ,17, 21 तथा 22 को महिला उम्मीदवारों के लिए रिजर्व रखा गया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद चुनाव को निष्पक्ष पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने को लेकर सुरक्षा के लिहाज से पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मतदाता भयमुक्त रहकर मतदान करें।
यहां पर होंगे नामांकन पत्र दाखिल
एसडीएम ने यह जानकारी अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि आगामी 30 मई से 4 जून 2022 तक उम्मीदवार स्थानीय एसडीएम कोर्ट कक्ष में आवेदन जमा करवा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समय अवधि के दौरान 2 जून को राजपत्रित अवकाश होने के कारण आवेदन नहीं लिए जाएंगे। 6 जून को सुबह 11:30 बजे से प्राप्त आवेदनों की स्क्रुटनी का कार्य पूरा किया जाएगा। 7 जून को उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस निकलवा सकते हैं । इसके बाद इसी दिन शाम 3:00 बजे के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्हे अलॉट किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि को मतदान सुबह 7:00 बजे शुरू होगा और शाम 6:00 बजे तक किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि 22 जून को सुबह 8:00 बजे से मतगणना का कार्य शुरू होगा। मतगणना का कार्य पूर्ण होते ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
एसडीएम ने बताया कि नगर परिषद प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार चुनावी खर्च के रूप में 16 लाख रुपए तक की राशि खर्च कर सकते हैं तथा पार्षद पद के उम्मीदवार 3 लाख 50 हजार तक की धनराशि खर्च कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नगर परिषद प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार 5 गाड़ियां तथा नगर पार्षद का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार दो गाड़ियों का प्रयोग चुनाव प्रचार के लिए कर सकते हैं। इन प्रसार वाहनों के लिए उम्मीदवार को अनुमति लेना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित संख्या से अधिक वाहनों का प्रयोग चुनाव प्रचार में करता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी उम्मीदवार पर कोई आपराधिक मामला दर्ज है तो उसे इस संबंध में अखबारों के माध्यम से तीन बार सूचना देनी होगी। प्रसार के लिए लाउडस्पीकर का प्रयोग रात्रि 10:00 बजे के बाद प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष के पद के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों का 10 वीं पास होना अनिवार्य है अध्यक्ष या पार्षद का चुनाव लड़ने वाली महिलाओं व अनुसूचित जाति के अध्यक्ष पदों के लिए आठवीं पास होना जरूरी है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks