मोटरसाइकिल पर लिफ्ट नहीं दी तो चाकूओं से कर दी युवक की हत्या ; तीन घायल !
पुलिस मामले की जांच में जुटी, हत्यारोपित मौके से फरार !
फतेहाबाद : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
फतेहाबाद में एक युवक की चाकू गोद कर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं आरोपित घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। वहीं इस झगडे में घायल तीनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
फतेहाबाद शहर के रामनिवास मोहल्ला निवासी योगेश गोस्वामी नामक व्यक्ति की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। इस वारदात की सूचना पुलिस को दी गई तो सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बारिकी से जांच में जुट गई। पुलिस घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और कार्यवाही करने में लगी हुई है। मृतक के भाई नवीन ने बताया कि गुलशन उर्फ कन्नू ने कई बार कहीं जाने के लिए उसके भतीजे सिद्धार्थ से मोटरसाइकिल मांगी थी और कहीं छोड़ने के लिए कहा था लेकिन सिद्धार्थ ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर गुलशन उसके भतीजे सिद्धार्थ के साथ रंजिश रखे हुए थे। इसी रंजिश के चलते उसने पहले सिद्धार्थ के साथ झगड़ा गया और बाद में उन पर चाकूओं से हमला कर दिया।
पुलिस को दिए ब्यान में रामनिवास मोहल्ला निवासी नवीन गोस्वामी ने बताया कि उसका बड़ा भाई योगेश गोस्वामी का बेटा सिद्धार्थ सोमवार रात को बाजार से वापस घर आ रहा था। जैसे ही वह गली के मोड़ पर पहुंचा तो वहां गुलशन, अरूण, विनोद ने सिद्धार्थ को देखते उसके साथ झगड़ा करने लगे और उसकी पीठ पर ईंट मारी। सिद्धार्थ किसी तरह से उनके चुंगल से भागकर घर आ गया और उसने परिजनों को बताया। इस बात को लेकर नवीन, उसका भाई योगेश, भाभी पूनम व सिद्धार्थ उलाहना देने गुलशन के घर जा रहे थे तो गली में ही गुलशन, अरूण, विनोद व धन्नत खड़े हुए थे। जब उन्होंने सिद्धार्थ से मारपीट का कारण पूछा तो उक्त चारों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। बाद में गुलशन घर से चाकू ले आया और उन पर हमला कर दिया। हमले में चाकू लगने से सिद्धार्थ, नवीन, योगेश व पूनम चारों घायल हो गए।
मृतक योगेश मेन बाजार स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर मढ़ी के गद्दीनशीन अर्जुनदेव गिरी का लड़का था। घटना की सूचना मिलते ही शहरवासियों में भी रोष फैल गया और काफी संख्या में शहरवासी नागरिक अस्पताल में जमा हो गए। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक मृतक का अंतिम संस्कार न करने और शहर बंद करने की चेतावनी दी है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने मृतक योगेश के भाई नवीन गोस्वामी की शिकायत पर रामनिवास मोहल्ला निवासी गुलशन उर्फ कन्नू, उसके भाई अरूण उर्फ काकू, पिता विनोद कुमार व दादी धन्नत के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपी अभी फरार है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks