खटकड़ टोल नाके पर शुक्रवार को रुका रोड़वेज का पहिया, ये रही वजह
टोल टैक्स नहीं कटा तो रोड़वेज बसों को पार नहीं करने दिया टोल
जींद : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
जींद के चर्चित खटकड़ टोल नाके पर शुक्रवार को उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया जब जींद से एक बस टोल नाके पर पहुंची तो फास्ट टैग से टैक्स का भुगतान नहीं हुआ तो टोल सिक्योरिटी ने बस को आगे नहीं बढ़ने दिया। जिसके कारण टोल नाके पर तैनात कर्मचारियों और बस चालक व परिचालक के बीच काफी गर्मा गर्मी का माहौल बन गया। कुछ ही देर बाद दूसरी तरफ से भी रोड़वेज की बस आई तो फास्ट टैग ने उसका भी टैक्स नहीं काटा तो उसे भी आगे नहीं जाने दिया। जिसके कारण काफी देर तक बस चालकों व परिचालकों सहित सवारियों से टोल कर्मी बहसते रहे और बसों को आगे नहीं जाने देने की जिद पर अड़े रहे।
शुक्रवार दोपहर जींद डिपो की बस एचआर 56-बी 6843 नरवाना जा रही थी कि जब बस खटकड़ टोल प्लाजा को पार करने लगी तो तकनीकी कमी के कारण फास्ट टैग से टोल का भुगतान नहीं हुआ। इसके चलते टोल कर्मियों ने बस चालक परिचालक से टोल का भुगतान करने के लिए कहा तो उन्होंने मना करते हुए कहा कि उनकी बस पर फास्ट टैग लगा हुआ है। इसी से भुगतान करो। क्योंकि सरकार फास्ट टैग को रिचार्ज करवाती है हमें इसके भुगतान के लिए अलग से पैसे देने को लेकर अधिकारियों का कोई आदेश नहीं है। ऐसे में वो ये भुगतान नहीं कर सकते।
जिसके कारण टोल कर्मियों ने बस को टोल पार नहीं करने दिया। इसी दौरान नरवाना की तरफ से रोडवेज की दूसरी बस एचआर 56-ए 5567 आई तो उस बस का भी टोल का भुगतान नहीं हो पाया। जिसकी वजह से रोडवेज के चालक व टोल कर्मियों में काफी देर तक नोकझोंक होती रही। टोल कर्मियों ने बिना टोल का भुगतान किए बसों को टोल पार करवाने से मना कर दिया। जिसके बाद यात्रियों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में रोडवेज के चालक व परिचालक एक दूसरे की बसों के यात्रियों को बैठाकर उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks