सावधान रहें किसान, कहीं आप भी थुराना के किसान की तरह तो नहीं हो रहे हैं ठगी का शिकार
किसान के साथ किया फर्जीवाड़ा, मामला दर्ज
नारनौंद : क्षेत्र के गांव थुराना के एक किसान के साथ दस लाख का फर्जीवाड़ा किया गया है। थुराना निवासी किसान होशियार सिंह के कागजों का प्रयोग कर फर्जी तरीके से उसके नाम पर दस लाख 21 हजार रुपए का केसीसी लोन लिया गया है। पीड़ित किसान होशियार सिंह दो एकड़ में खेती करता है और अनपढ़ है। बैंक में बिना खाता खुलवाए जब घर पर चेक बुक पहुंच गई तो होशियार सिंह की एमए पास बेटी ज्योति को इस पर शक हुआ। मामले की छानबीन करने पर पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में माजरा निवासी मौसम, कापड़ो निवासी नवीन पंडित व अलेवा निवासी प्रवीन के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी, 420, 467, 468 व 471 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थुराना निवासी होशियार सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने डेढ़ साल पहले हांसी बैंक ऑफ बड़ोदा से मौसम के माध्यम से एक लाख 85 हजार रुपए का केसीसी लोन लिया था। उस समय से ही सभी जरूरी कागजात की फोटो कॉपी मौसम ने अपने पास रखी हुई थी। करीबन एक सप्ताह पहले कैनरा बैंक नारनौंद ब्रांच की चेक बुक उनके घर आई, जबकि उन्होने कैनरा बैंक में कभी खाता ही नहीं खुलवाया है। चेक बुक आने पर होशियार सिंह की बेटी ज्योती को इस मामले में झोल नजर आया तो उसने बैंक में जाकर इस बारे में पता किया। पूछताछ करने पर पता चला कि उसके पिता के नाम पर बैंक से दस लाख 21 हजार रुपए का लोन जारी किया गया है। लोन के लिए लगाए गए सभी कागजात भी उसके पिता होशियार सिंह के ही थे। फर्जीवाड़े की आशंका होने पर जब इस मामले में गहराई से छानबीन की गई तो बैंक खाते में एक मोबाइल नंबर मिला जो उनके घर के किसी भी सदस्य का नहीं था। जब इस नंबर पर संपर्क किया तो फोन वाले ने बताया कि उसको मौसम व उसके साथियों ने होशियार सिंह बनाकर बैंक में पेश किया था। उससे कहा गया था कि वह सिर्फ दो बार बैंक में खुद को होशियार सिंह बता देना उसके बाद 5 लाख रुपए उसको मिल जाएंगे व बाकि के 5 लाख वह खुद ले गए। होशियार सिंह के अनुसार बैंक के कर्मचारियों ने भी इस फर्जीवाड़े में मिलीभगत करते हुए बिना उसके पूछताछ किए लोन जारी किया है और उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। नारनौंद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks