पेंसिल कारोबार को लेकर करोड़ों रुपए की ठगी, पुलिस जांच में जुटी
पेंसिल के कारोबार को लेकर 400 लोग हुए करोड़ों रुपए की ठगी का शिकार, मामला पहुंचा थाने
थाने में ठगी का शिकार लोग प्रदर्शन करते हुए।देश में ठगों की भरमार, आनलाईन ठगी के बाद सामने आया पेंसिल कारोबार के नाम पर करोड़ों रुपए ठगने का मामला
जींद / तहलका न्यूज
हमारे देश में ठगों की भरमार हो गई है। कोई आनलाईन खरीददारी के नाम पर लोगों को चूना लगा रहा है तो कोई बैंक खाता से पैसे निकालने के मामले हर रोज सामने आ रहे हैं। लेकिन इस बार ठगों ने किसी को आनलाइन ठगी का शिकार नहीं बनाया। बल्कि छोटा सा कारोबार के माध्यम से मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर सैकड़ों लोगों के साथ करोड़ों रुपए की ठगी कर रफूचक्कर होने का मामला सामने आया है। ये मामला हरियाणा के जींद जिले के नरवाना का बताया जा रहा है। इन ठगों के शिकार नरवाना क्षेत्र के लोग ही नहीं हुए। बल्कि हरियाणा के अनेक हिस्सों सहित पंजाब के से भी इन ठगों ने ठगी कर चूना लगाने का लोग आरोप लगा रहे हैं। मामले की शिकायत पुलिस को दी तो पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सैकड़ों लोग प्रदर्शन करते हुए नरवाना पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत देकर आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने पेंसिल बनाने का कारोबार करने के नाम पर उनको ठगने का काम किया है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले नरवाना क्षेत्र के गांव अमरगढ़ निवासी युवक ने पेंसिल बनाने का कारोबार शुरू करने के नाम पर दुकान खोली हुई थीं और उनके संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति को ये कारोबार करने की सलाह देता था कि इस कारोबार में अच्छा मुनाफा कमाने को मिलता है और घर पर रहकर ही इस काम को किया जा सकता है।
लाकडाऊन के कारण हमारे सब काम धंधे पहले ही चौपट हो चुकें थे और पास के गांव का युवक होने के कारण वो उसके झांसे में आ गए। क्योंकि उसने बताया था कि वो कच्चा माल देंगा। उससे पेंसिल बनाकर जब तैयार हो जाएगी तो वो तैयार माल को आगे खुद ही उनके घर से लेकर जाएगा। इस तरह से उनको न तो कच्चा माल लेने के लिए बाहर जाना पड़ेगा और ना ही बेचने के लिए। बस उन्हें इस कारोबार को करने के लिए दो लाख रुपए की एक मशीन खरीदनी पड़ेगी। इस तरह से नरवाना क्षेत्र के करीबन 400 लोग उनसे जुड़ गए और दो दो लाख रुपए देकर मशीन खरीद कर कारोबार करने लगे। उसके बाद कुछ समय तक तो सबकुछ ठीक तरह से कच्चा माल आता रहा और तैयार माल लेकर जाते रहे। जब वो लंबे समय तक नहीं आए तो उन्होंने उन युवकों से संपर्क साधने की कोशिश की तो उनके नंबर नहीं लगे। बाद में काफी बार उनके दफ्तर पर जाकर देखा तो वो भी बंद मिला।
उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि अकेले मशीन की कीमत लगाएं तो उसने करीबन आठ करोड़ रुपए से ज्यादा का चूना उनको लगाया है और जहां तक उन्हें पता चला है कि उनकी ठगी का शिकार नरवाना क्षेत्र में ही नहीं जींद, कैथल, पानीपत, करनाल, कुरूक्षेत्र सहित पंजाब के लोग भी ठगी का शिकार हो चुके हैंं।
मशीन के अलावा कच्चे माल की कीमत भी लेता था
नरवाना पुलिस थाने पहुंचे लोगों ने बताया कि उनके झांसे में आकर उन्होंने दो लाख रुपए ख़र्च कर मशीन तो खरीद ली थी। परंतु बाद में कच्चा माल मंगवाने के नाम पर भी उसने एडवांस बुकिंग के नाम पर पैसे ले लिए। इस तरह से मोटा मोटा हिसाब लगाया जाए तो करीबन आठ करोड़ रूपए की ठगी कर चुका है।
पुलिस कर रही है ये कार्यवाही
इस संबंध में नरवाना सिटी थाना प्रभारी धर्मबीर सिंह ने बताया कि लोगों की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। युवक की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए बारिकी से हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जल्द ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा। वहीं इस गिरोह में शामिल रहे सभी लोगों को ट्रैस किया जाएगा। ताकि भविष्य में वो किसी को ठगी का शिकार ना बना सकें।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks