किसान सम्मान समारोह आज नारनौंद में
किसान आंदोलन में सक्रियता को लेकर किसान सम्मान समारोह में शामिल होंगे किसान नेता, होगी आगे की रणनीति पर चर्चा
नारनौंद / तहलका न्यूज
किसान आंदोलन में नारनौंद क्षेत्र के किसानों का योगदान अतुलनीय रहा है। यहां के किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा की एक काल पर जो सक्रियता दिखाई उसके लिए नारनौंद हल्के के किसानों द्वारा किसान सम्मान समारोह का आयोजन बृहस्पतिवार को नारनौंद में किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां जोरों से चल रही हैं।
किसान बजे सिंह, बलवान लोहान, जंगीर ने बताया कि तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करवाने के लिए किसानों ने एक साल से अधिक समय तक आंदोलन करना पड़ा और दिल्ली के बार्डरों पर गर्मी सर्दी सहित बारिश में सरकार से अपने हकों की लड़ाई लड़कर छतीस बिरादरी के लोगों ने एकजुटता दिखाकर सरकार को कानून निरस्त करने पर मजबूर कर दिया। इस आंदोलन में यहां के स्थानीय किसानों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। जो संयुक्त किसान मोर्चा की एक काल पर दिन रात देखे बिना ही मोर्चे पर पहुंच गए। इसी को लेकर बृहस्पतिवार 30 दिसम्बर को नारनौंद की जाट धर्मशाला में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें युवा किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ सहित अनेक किसान नेता शिरकत करेंगे। इस दौरान किसान आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और भविष्य को लेकर भी आगे की रणनीति तैयार करने पर विचार विमर्श किया जाएगा।
गौरतलब है कि किसान आंदोलन में नारनौंद के किसानों की भूमिका अहम रही थी और यहां के किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा की हर काल का बेखूबी पालन किया था। चाहे वो भारत बंद हो या फिर किसी नेता का विरोध करना हो। यहां के किसानों ने आंदोलन की शुरुआत से लेकर स्थगित होने तक में अपने योगदान की बेमिसाल छाप छोड़ी है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks