ठगों का शिकार बने जेल DSP: कस्टम केयर बन डेबिट कार्ड की जानकारी ली, ऐनी डेस्क ऐप डाउनलोड करवा लगाया चूना
ठगों का शिकार बने जेल DSP: कस्टम केयर बन डेबिट कार्ड की जानकारी ली, ऐनी डेस्क ऐप डाउनलोड करवा लगाया चूना
पानीपत जिले की जेल के डीएसपी से साइबर ठगों ने ठगी कर ली। ठगों ने डीएसपी से कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर धोखाधड़ी की है। डीएसपी से पहले उनके फोन में एनी डेस्क ऐप डाउनलोड करवाई गई। इसके बाद झांसे में लेकर डेबिट कार्ड की जानकारी ली। जानकारी लेने के बाद ठगों ने तीन मिनट में कुल 43 हजार रुपए की चपत डीएसपी को लगा दी।
यूं लिया डीएसपी को झांसे में
पानीपत की सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में जोगिंद्र देशवाल ने बताया कि वह पानीपत जेल में बतौर डीएसपी नियुक्त हैं। 2 नवंबर को वह अपने कार्यालय में बैठे थे। उन्होंने अपने एक मित्र को पेटीएम के जरिए रुपए भेजे थे। उक्त राशि दोस्त को नहीं मिली तो उन्होंने गूगल से SBI का कस्टमर केयर नंबर निकाल कर जानकारी लेने का प्रयास किया। संपर्क के दौरान कथित कस्टमर केयर वालों ने एक नंबर देकर उस पर बातचीत करने को कहा।
इसी कॉल के तुरंत बाद एक नंबर से कॉल आई, जिसने गूगल प्ले से ऐनी डेस्क ऐप डाउनलोड करने को कहा। बातचीत के दौरान उक्त ठग ने डेबिट कार्ड की जानकारी भी ले ली। जानकारी देने के कुछ ही देर बाद ही खाते से दोपहर लगभग 12:15 से 12:18 तक तीन बारी में क्रमश: 14247.80 , 14688.21 व 14688.21 रुपए ठग ने अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। ठग ने कुल 43 हजार रुपए ट्रांसफर किए।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks