Hisar Politics : एक ही सियासी आंगन के दो दिग्गज हिसार में होंगे आमने सामने
Hisar Politics: Two giants from the same political arena will face each other in Hisar
सावित्री जिंदल के खास रहे हनुमान ने भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने का किया ऐलान
Hisar politics news : हिसार की राजनीति में एक नया व चौकाने वाला खेल शुरू हो गया है। इस खेल ने राजनीति की दुनियां को भी बेहद छोटा कर दिया है। कभी एक ही राजनीतिक दल में एक दूसरे के साथ रहने वाले लोग चुनाव के आते आते एक दूसरे के विरोध में उतरने को तैयार हैं। ऐसा ही एक नया घमासान अब भाजपा कांग्रेस के बीच अदलाबदली करने वाले राजनेताओं के कारण शुरू हो चुका है। कभी कांग्रेस में रहीं सावित्री जिंदल के सिपाही रहे शहर की ऐसी शख्शियत जो खुद नगर परिषद के चेयरमैन रहे हैं और उनकी पत्नी पिछली बार मेयर का चुनाव लड़ चुकी हैं।
हिसार से कांग्रेस की टिकट के लिए ऐरन दंपत्ति ने ठोकी ताल
सावित्री जिंदल ही नहीं मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री के चहेते रहे हनुमान ऐरन अब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरने का फैसला ले चुके हैं। अबकी बार हिसार विधानसभा सीट के लिए नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन हनुमान ऐरन व उनकी पत्नी रेखा ऐरन ने दावेदारी ठोक दी है और उन्होंने इसके लिए आवेदन भी भर दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने एक निजी रेस्टोरेंट में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी।
हनुमान ऐरन ने कहा कि पिछले 10 साल में भाजपा ने हरियाणा को बहुत पीछे धकेल दिया है। हरियाणा बेरोजगारी व अपराध में नंबर वन बन चुका है। युवा रोजगार नहीं मिलने की वजह से नशे की ओर बढ़ रहे हैं और आज हरियाणा के हालात पंजाब जैसे हो गए हैं। अपराध के मामले में हरियाणा ने यूपी व बिहार को पीछे छोड़ दिया है। पिछले साढ़े 9 साल में मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश का भ_ा बैठा कर दिया है और अब नायब सिंह सैनी मनमाने ढंग से सरकार चला रहे हैं। सरकारी स्कूल व अस्पतालों का प्रदेश में बुरा हाल है। शिक्षा और स्वास्थ्य की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। प्रदेश हर मामले में बहुत पीछे जा चुका है। लंबे समय से प्रदेश के लोग विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे थे अब उन्हें अवसर मिलते ही भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का काम करेंगे और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आएगी।
रेखा ऐरन ने शहर की समस्याएं गिनवाते हुए कहा कि शहर के विधायक व भाजपा नेता बड़े-बड़े दावे कर चुके हैं लेकिन उनके सभी दावे व वादे फेल साबित हुए हैं। प्रोपर्टी आईडी को लेकर शहर के लोग अब भी परेशानियां झेल रहे हैं और उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। शहर को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने के बड़े-बड़े दावे कई बार किए जा चुके हैं लेकिन आज भी बेसहारा पशुओं का शिकार आमजन हो रहे हैं और उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है। डेयरियों को शहर से बाहर शिफ्ट करने की बात सामने आई थी लेकिन उसका भी अब कुछ अता-पता नहीं है।
उन्होंने कहा कि सूर्य नगर पुल पिछले 8 साल से बन रहा है लेकिन शहर के विधायक या शासन-प्रशासन को इस बात की जरा सी भी तकलीफ नहीं है कि उस पुल के चक्कर में रोजाना हजारों शहरवासी भारी परेशानियों को झेल रहे हैं। इसके अलावा शहर में बिजली, पानी, सडक़ें, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट्स, सफाई व्यवस्था सब कुछ रामभरोसे है और शहरवासियों को उनके हालात पर छोड़ दिया गया है। शहर में ऐसी व्यवस्था में बदलाव की सख्त जरूरत है और इसके लिए शहर के लोग कांग्रेस पार्टी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं।
हनुमान ऐरन ने कहा कि अभी तक जितने भी विधायक बने हैं उन्होंने हिसार के लिए कुछ नहीं किया केवल लोगों को झूठे सब्जबाग व सपने ही दिखाए हैं। कोई इसे पेरिस बनाने की बात करता है तो कोई स्मार्ट सिटी। हिसार का एयरपोर्ट सफेद हाथी बन चुका है लगभग 1 दर्जन बार उद्घाटन होने के बाद भी अभी तक वहां से हवाई उड़ान कब शुरू होगी इसकी डेट बताने वाला कोई नहीं है। शहर के लोगों को एयरपोर्ट के नाम पर सरासर बेवकूफ बनाया जा रहा है क्योंकि अभी तक इस एयरपोर्ट का लाइसेंस तक नहीं बना है।
हनुमान ऐरन ने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी व हिसार के लोगों ने उन्हें सेवा का मौका दिया तो वे दिखाएंगे की विधायक का काम क्या होता है। उनके ऑफिस व घर के दरवाजे शहर के लोगों के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे वर्तमान विधायक की तरह केवल निर्धारित समय के लिए नहीं। शहर के किसी भी निवासी की कोई भी समस्या हो वह किसी भी समय हमारे पास आकर रख सकेगा। उन्होंने कहा कि हम राजनीति में एक उदाहरण पेश करेंगे और राजनीति के मायने बदलने का काम करेंगे। यदि हमें एक बार मौका सेवा का मिलता है शहर की तस्वीर को पूरी तरह से बदलने का काम किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks