Breaking News Delhi : मनीष सिसोदिया को मिली जमानत, सुप्रीम कोर्ट ने दी मनीष सिसोदिया को जमानत, आप और भाजपा नेताओं में चले जुबानी बाण
Breaking News Delhi: Manish Sisodia gets bail, Supreme Court grants bail to Manish Sisodia, verbal attacks between AAP and BJP leaders
दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट से मनीष सिसोदिया के वकील ऋषिकेश कुमार ने कहा, "...इस बात को ध्यान में रखते हुए कि 17 महीने की जेल मनीष सिसोदिया काट चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जैसा ED ने कहा था कि ये ट्रायल 6-8 महीने में खत्म हो जाएगा, वो होता नहीं दिख रहा...ED का आरोप खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने ट्रायल में देरी नहीं की... सुप्रीम कोर्ट ने मनीष सिसोदिया को ज़मानत दी है। ये ऐतिहासिक फैसला है…"
दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा, "जिस तरह से 17 महीने मनीष सिसोदिया को जेल में रखा गया वो इस बात का सबूत है कि भाजपा सरकार इस देश के शिक्षा बदलाव की उम्मीद की राह को कुचलना चाहते हैं...दुनिया में देर हो सकती है लेकिन अंधेर नहीं है। हम सब सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हैं। इसका मलाल सभी को है कि आज तक एक सबूत नहीं मिला। 17 महीने CBI और ED ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री को जेल में रखा। धिक्कार है ऐसी एजेंसी पर जिसे आज तक एक सबूत नहीं मिला... "
दिल्ली: मनीष सिसोदिया को ज़मानत मिलने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "अच्छी बात है, लेकिन ज़मानत इससे भी पहले मिलनी चाहिए थी..." वहीं दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा, "ये सत्य की जीत है। मनीष सिसोदिया को एक झूठे मामले में फंसाया गया। उन्होंने दिल्ली के बच्चों को शानदार भविष्य दिया। आज हमें मनीष सिसोदिया को ज़मानत मिलने पर हमें खुशी है। जल्द ही समय आएगी जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी बाहर आएंगे।"
दिल्ली: राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि मनीष सिसोदिया को बेल मिली है, मैं आशा करती हूं कि दिल्ली सरकार का वो नेतृत्व करेंगे और अच्छे से काम करेंगे।"
दिल्ली: AAP नेता संजय सिंह ने कहा, "ये AAP और दिल्ली के लोगों के लिए बहुत बड़ी राहत है। अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन के लिए न्याय का रास्ता जल्द ही खुलेगा। जो 17 महीने मनीष सिसोदिया के बर्बाद हुए उसका हिसाब क्या देश के प्रधानमंत्री देंगे? जो 17 महीने दिल्ली के बच्चों के बर्बाद हुए, एक योग्य शिक्षा मंत्री के रूप में मनीष सिसोदिया जो दिल्ली के बच्चों को दे सकते थे उसका हिसाब कौन देगा? भाजपा का मकसद केवल एक है, विपक्ष के नोताओं को पकड़ कर जेल में डालो। मनीष सियोदिया के घर से एक रुपया बरामद नहीं हुआ, कोई प्रोपर्टी और गहना नहीं मिला फिर भी आपने 17 महीने जेल में रखा। ED हमेशा समय मांगती रही और मामले को टरकाती रही। आज उन सब पर विराम लगा है ये हमारे लिए बहुत बड़ी खबर है।"
दिल्ली: भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, "आज सुप्रीम कोर्ट के सामने उनके वकीलों ने मेरिट पर कोई दलील नहीं दी, उनकी अपील केवल देरी पर आधारित थी। मनीष सिसोदिया जेल में 17-18 महीने से हैं। इसके आधार पर उनको आज बेल मिली है। इसका अर्थ ये नहीं है कि मनीष सिसोदिया अपराध मुक्त हैं वो अभी भी अभियुक्त हैं और उनकी जवाबदेही कोर्ट में बनेगी। मनीष सिसोदिया दिल्ली के ऐसे शिक्षा मंत्री हैं जो दिल्ली के बच्चों को पाठशाला से मधुशाला तक ले जाने का पाप कर चुके हैं।"

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks