Siwani Mandi SDM Virendra Singh went to the fields and inspected the crops.
 |
| सिवानीमंडी-खेतों में फसलों का जायजा लेते एसडीएम विरेन्द्र सिंह। |
Haryana News Today , सिवानीमंडी : एसडीएम विरेन्द्र सिंह ने खंड के गांव गढ़वा, खरखड़ी,कालोद गुढ़ा के खेतों में जाकर ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का निरीक्षण किया। एसडीएम ने फसलों का मुआयना करने के बाद राजस्व विभाग के कानूनगो, पटवारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पटवारी द्वारा रिकार्ड में दर्ज फसल के आंकड़ों की जांच करने खेतों में पहुंचे एसडीएम ने सजरा से फसलों का मिलान किया तथा अपलोड किए गए विवरण की जांच की।
उन्होंनेे राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसलों की गिरदावरी करते समय ध्यान पूर्वक फसलों का ब्योरा दर्ज करना सुनिश्चित करें। उन्होंने पटवारियों द्वारा मैनुअल तरीके से की गई गिरदावरी तथा ई-गिरदावरी का मिलान किया। एसडीएम ने पटवारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी किसान की गिरदावरी गलत न हो। एसडीएम ने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्योरा के माध्यम से किसानों द्वारा अपनी फसल के बारे में जो ब्योरा दिया जा रहा है उसका भी इसके साथ मिलान होगा ताकि फसल की बिक्री के दौरान किसानों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एसडीएम विरेन्द्र सिंह ने इस दौरान किसानों से भी मुलाकात कर समस्या जानी।
एसडीएम विरेन्द्र सिंह ने कहा की प्राकृतिक आपदा से हुए फसल खराबे को ई क्षति पूर्ति पोर्टल पर अपलोड करें। ताकि नुकसान का सही आकलन किया जा सके। एसडीएम वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि अन्नदाता को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान कि भरपाई के लिए हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ओलावृष्टि से हुए नुकसान की गिरदावरी करवा कर भरपाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं
Thanks