सिरसा रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का बड़ा ऐलान : कांग्रेस की सरकार बनते ही हर परिवार को नौकरी और इन्हें मिलेगा शहीद का दर्जा
प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को मिलेगी नौकरी
![]() |
| मंच पर जनता का अभिवादन स्वीकारते कांग्रेस नेता |
कांग्रेस शासन में शहीद किसानों को मिलेगा शहीद का दर्जा: भूपेंद्र हुड्डा |
प्रदेश की गठबंधन सरकार को बताया शहीद किसानों का दोषी
सिरसा : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में हरियाणा में कांग्रेस के सत्तासीन होते ही देशभर में भाजपा शासन में शहीद हुए देश के किसानों को शहादत का दर्जा देकर उनके परिजनों में एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी ताकि उनके साथ न्याय हो सके। वे रविवार को हुडा ग्राउंड सिरसा में विशाल जनाक्रोश रैली को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि ये किसी से छिपा नहीं है कि भाजपा शासन में किसानों को बर्बाद करने के उद्देश्य से तीन काले कानून लाए गए थे मगर देशभर के किसानों की एकजुटता ने भाजपा के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया। उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए 750 किसानों की शहादत के लिए प्रदेश की भाजपा जजपा सरकार को दोषी बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मौजूदा सरकार ने ही किसानों को रोकने के लिए सडक़ें बंद की, उन पर गोलियों की बौछार की और उन्हें मरने के लिए अपने हाल पर छोड़ दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश की गठबंधन सरकार पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि आज हरियाणा बेरोजगारी, अपराध, लूटपाट, खिलाडिय़ों से भेदभाव आदि सभी क्षेत्रों में नंबर वन है जबकि वर्ष 2014 में हरियाणा प्रतिव्यक्ति आय, रोजगार, कानून व्यवस्था आदि सभी में नंबर वन था। उन्होंने कांग्रेस के विकास से संबंधित कहा कि सिरसा में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय की हालत कमजोर थी मगर उन्होंने इस विश्वविद्यालय के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि व संसाधन दिए जिससे ये विश्वविद्यालय विकास की डगर पर दौड़ रहा है। इतना ही नहीं ओटू झील में खुदाई करवाकर अनेक चैनल नए बनाकर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया गया और किसानों को लाभान्वित किया गया। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की हरियाणा में पुन: सरकार बनने पर सही मायने में किसान, मजदूर, खेल खिलाड़ी, व्यापारी, महिला सशक्तिकरण आदि की दिशा में पुरजोर प्रयास किया जाएगा और हरियाणा को मौजूदा सरकार की ओर से पोर्टल के जाल से मुक्ति दिलाई जाएगी। जनता को जो हक है, उसे दिया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने ये की घोषणाएं
इस रैली के दौरान भीड़ को देखकर प्रसन्न हुए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन के साथ ही बुजुर्गों की पेंशन 6 हजार रुपए की जाएगी जबकि महिलाओं को उनके रसोई गैस सिलेंडर की कीमत को 500 रुपए में उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेशवासियों को 300 यूनिट बिजली प्रतिमाह मुफ्त दी जाएगी व गरीब लोगों को फिर से 100-100 वर्ग गज के प्लॉट दिए जाएंगे। साथ ही सफाई कर्मचारी, ग्रामीण चौकीदारों व मनरेगा के मेड को नियमित किया जाएगा और युवाओं से धोखे के रूप में चलाया गया कौशल रोजगार निगम को भंग किया जाएगा। मंच संचालन पूर्व सांसद जयप्रकाश ने किया। इससे पूर्व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदयभान, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला, सिरसा प्रभारी बजरंगदास गर्ग सहित तमाम दिग्गज नेताओं ने भी अपने विचार रखे और प्रदेश की मौजूदा गठबंधन सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया।
इस जनाक्रोश रैली को सफल बनाने में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पूर्व ओएसडी डॉ. केवी सिंह, डबवाली के विधायक अमित सिहाग, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा, मोहित शर्मा, कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला, हरियाणा सरपंच एसोसिएशन की प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष बेनीवाल, कांग्रेस नेता अमीर चावला, पूर्व विधायक भरत सिंह बेनीवाल, डॉ. सुभाष जोधपुरिया, विशाल वर्मा, मोहित शर्मा, सुमित बेनीवाल, राजेश शर्मा, हीरालाल शर्मा, रामसिंह बेनीवाल, आनंद बियाणी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नवदीप कंबोज आदि अन्य सभी कांग्रेस नेताओं के प्रयासों से जिलेभर के दूरदराज गांवों से आए हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ ने इस जनाक्रोश रैली को सार्थक किया। सभी दिग्गज नेताओं ने इस रैली की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया।



कोई टिप्पणी नहीं
Thanks