रोष प्रदर्शन करके सरकार के खिलाफ गरजे रोडवेज कर्मचारी : 26 नवम्बर को सीएम आवास के घेराव व 28 दिसम्बर को प्रदेश स्तरीय हड़ताल की चेतावनी
Haryana Roadways employees roared against the government by protesting/ Haryana news Today, haryana protest news, protest in haryana,
-सांझा मोर्चा के आह्वान पर काली पट्टियां बांधकर लगाया धरना
हिसार। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर हिसार डिपो में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर धरना दिया और रोष प्रदर्शन किया| कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन के माध्यम से हरियाणा सरकार, परिवहन मंत्री व विभाग के उच्चाधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कर्मचारियों से भविष्य में कड़े आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया| धरना व प्रदर्शन की अध्यक्षता वरिष्ठ कर्मचारी नेता रमेश श्योकंद ने की जबकि सुभाष ढिल्लो ने संचालन किया।
कर्मचारियों ने मांगों व समस्याओं का समाधान न होने की हालत में 26 नवम्बर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने व 28 दिसम्बर को एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय हड़ताल की चेतावनी दी है| कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डिपो प्रधान राजबीर दुहन व अजय दुहन ने कहा कि कर्मचारियों को मांगे मनवाने के लिए आंदोलन करना पड़ता है और फिर वे सहमत हुई मांगे लागू करवाने के लिए आंदोलन करने को सरकार मजबूर करती है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की छुट्टियां काटने के मामले में विभाग के पीएसटी ने जो आदेश जारी किए हैं, वे पूरी तरह से कर्मचारी विरोधी है और उन्हें किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा| उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे भविष्य में बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहें क्योंकि सरकार व विभाग के उच्चाधिकारी उन्हें ऐसा करने को मजबूर कर रहे हैं। डिपो प्रधान राजकुमार चौहान ने कर्मचारियों की मांगे व समस्याएं विस्तार से रखी।
डिपो प्रधान अमित जुगनाल, अनूप सातरोड, अरूण शर्मा व नरेन्द्र खरड़ ने कहा कि सरकार ने इस बार रोडवेज कर्मचारियों को दीवाली का बोनस न देकर उन्हें काली दीवाली मनाने को मजबूर किया है, जो निंदनीय व कर्मचारी विरोधी है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की विभिन्न मांगों व समस्याओं के हल के लिए सांझा मोर्चा जो फैसला लेगा, हम पूरी तरह से उस पर अमल करेंगे| धरना व प्रदर्शन की अध्यक्षता व संचालन करते हुए वरिष्ठ नेता रमेश श्योकंद व सुभाष ढिल्लो ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों व समस्याओं का जिक्र किया| इनमें मुख्य रूप से बकाया सात साल के बोनस,2016 के चालकों को पक्का करने, परिचालकों, कलर्को व चालकों का पे ग्रेड बढाने, कर्मशाला कर्मचारी को तकनीकी वेतनमान, परिवहन मंत्री द्वारा मानी गई मांगों को लागू करते काटी गई छुट्टियों को दोबारा लागू करने सहित अन्य मांगों व समस्याओं का विस्तार से जिक्र किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 26 नवम्बर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जायेगा| उससे भी सरकार नहीं मानी तो आने वाली 28 दिसंबर को एक दिन की हडताल होगी जिसमें पेन, पहिया, टुल सब कुछ बंद रहेगा और हरियाणा का चक्का जाम रहेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार परिवहन विभाग की होगी।
इस अवसर पर उपरोक्त के अलावा हनुमान बिश्नोई, चेयरमैन भागीरथ शर्मा, पवन बूरा, सतीश बामल, सत्यवान, मंजीत सोरखी व धर्मबीर सहित सैंकड़ों कर्मचारी शामिल रहे और प्रदर्शन में हिस्सा लेकर सरकार को कोसा।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks