नारनौंद में दीपेंद्र हुड्डा बोले - कांग्रेस जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवार को देगी टिकट :विश्वासघात करने वालों को सबक सिखाएगी जनता
Dipender Hooda said in Narnaund - Congress will give ticket to winnable and durable candidate: public will teach lesson to those who betray
हिसार लोकसभा की 9 सीटों में से 5 विपक्ष को मिली, जनता से विश्वासघात कर भाजपा को दिया समर्थन - दीपेंद्र
तहलका न्यूज हिसार, सुनील कोहाड़।
हिसार लोकसभा की विधानसभा में 9 सीटों पर चुनाव हुए तो 5 सीटें विपक्ष की झोली में गई थी। वे पांचों विधायक बाद में भाजपा की झोली में खड़े दिखाई दिए। राजनीति में इससे बड़ी अनैतिकता नहीं हो सकती। उन लोगों ने भाजपा के साथ सौदेबाजी की है, लेकिन जनता के लिए यह घाटे का सौदा साबित हुआ। आने वाले चुनाव में जनता ऐसे सौदेबाजों को सबक सिखाने का काम करेगी। उक्त शब्द कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने नारनौंद की दादा देवराज धर्मशाला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहे।
उन्होंने कहा कि 20 अगस्त को हरियाणा में 2 बड़े फैसले होंगे। एक फैसला होगा कि हरियाणा में खट्टर सरकार जा रही है और हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार आ रही है। दूसरा हरियाणा में राजनीतिक विश्वासघात करने वाले लोगों को जनता सबक सिखाएगी। कांग्रेस अब विपक्ष से विकल्प बन जाएगी।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के 9 साल ने हरियाणा के किसानों पर अनेक अत्याचार किए हैं। इसके साथ ही हरियाणा, हत्या, लूट, डकैती, पिछड़ेपन व बेरोजगारी में नंबर वन बन गया है। जोकि हुड्डा के शासन में विकास, रोजगार सहित बिजली उत्पादन में नंबर वन था।
नूंह हिंसा पर दीपेंद्र ने कहा कि घटनाक्रम सरकार की विफलता का प्रतीक है। पुलिस प्रशासन समय पर तैनात होता तो टकराव टाला जा सकता था। होमगार्ड के भरोसे छोड़ दिया गया।
लोकसभा चुनावों में 5 महीने का समय शेष रह गया है। हरियाणा के विधानसभा चुनावों में एक साल का समय बच गया। एक साल में दो तीन महीने आचार संहिता के निकल जाएंगे।
आम आदमी पार्टी के बिजली आंदोलन पर हुड्डा ने कहा कि हिमाचल में 300 यूनिट और कर्नाटक में 200 यूनिट कांग्रेस सरकार बिजली मुफ्त दे रही है। हरियाणा में सरकार आने पर कांग्रेस भी 300 यूनिट बिजली फ्री देगी।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस पार्टी जिताऊ उम्मीदवारों को टिकट देगी। टिकट वितरण की पार्टी का अपना तौर तरीका है। पहले इलेक्शन कमेटी, फिर स्क्रीनिंग और फिर केंद्रीय कमेटी होती है है जो टिकट वितरण का फैसला लेती है। प्रदेश में टिकट वितरण करते समय जिताऊ और टिकाऊ दोनों तरह के उम्मीदवारों का ध्यान रखा जाएगा।
हुड्डा ने कुलदीप बिश्नोई पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में आप नंबर दो पर होते थे, परंतु भाजपा में जो आपका स्थान होना चाहिए था, वह नहीं है। हमें बड़ा दुख होता है जो मान सम्मान आपका कांग्रेस में था वह अब भाजपा में नहीं है। दीपेंद्र ने कहा कि राजनीतिक में चौधरी भजनलाल का अपना अलग सम्मान था, वे लोगों को पहचानते थे। लेकिन आप में वो काबिलियत नहीं है। क्योंकि आपने आदमपुर को विकास की पटरी पर लाने की बजाय अपने निजी स्वार्थ के लिए बार बार उपचुनाव की ओर धकेलने का काम किया है। हरियाणा के इतिहास में सबसे ज्यादा उपचुनाव आदमपुर में हुए हैं।


कोई टिप्पणी नहीं
Thanks