किसान परेशान, बीमा कम्पनी मालामाल
Narnaul News Hindi Farmers upset, insurance company rich
तहलका न्यूज नारनौल।
जिला के किसान भारी दुविधा में हैं कि खराब फसलों के मुआवजे के लिए आखिर किससे फरियाद करें। 2022 में खराब हुई खरीफ की फसल का लगभग 10 हजार किसानों का 3 करोड़ रुपये का मुआवजा आज तक किसानों के खाते में नहीं आया है, जबकि किसानों ने क्षतिपूर्ति पोर्टल पर भी अपनी रिपोर्ट दर्ज करवा दी थी। मुआवजे के लिए किसान दर्जनों बार कृषि विभाग के कार्यालय में चक्कर काट चुके हैं जबकि फसल का बीमा करने वाली रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी का तीन साल का टेंडर 31 मार्च 2023 को समाप्त भी हो 'चुका है।
यहां तक कि इंश्योरेंस कंपनी के किसी भी कर्मचारी या अधिकारी के बारे में किसानों को कुछ जानकारी ही नहीं है। अधिकांश किसान तो बीमा करने वाली कम्पनी का नाम भी जानते हैं। इस सम्बंध में 21 जून को भी किसानों ने सांसद धर्मवीर सिंह को ज्ञापन देकर उनकी फसलों का मुआवजा शीघ्र दिलवाने की मांग भी की थी, लेकिन वहां भी किसानों को सिर्फ आश्वासन ही मिला है। उल्लेखनीय है कि जिला में किसानों के साथ कृषि बीमा के नाम पर मजाक किया जा रहा है। जिन किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से बीमा करवा रखा था। उन किसानों को आज तक मुआवजा नहीं मिला, है। किसान दर-दर की ठोकरें खाने पर मजबूर हैं।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks