ई-टेंडरिंग को लेकर सरपंचों का पंचकूला में प्रदर्शन जारी, सरकार मनाने में जुटी, सरपंच बोले जैसा स्वागत हमारा हुआ वैसा ही भाजपा जजपा का गांव में होगा !
Haryana Panchkula news Demonstration of sarpanches continues in Panchkula regarding e-tendering
तहलका न्यूज, चंडीगढ़
ई-टेंडरिंग के विरोध में आंदोलन कर रहे सरपंचों को मनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सरपंचों पर लाठीचार्ज और मुकदमा दर्ज होने के बाद धरने के दूसरे दिन सरपंचों का मान मनाने वालों का दौर चलता रहा। हरियाणा पुलिस के डीआईजी के साथ सरपंचों की मीटिंग हुई। जोकि साक्षात्कार माहौल में हुई। इस मीटिंग में तय हुआ है कि जल्द ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सरपंचों के प्रतिनिधिमंडल की मीटिंग करवाई जाएगी। हालांकि सरपंचों ने कहा है कि जब उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
पंचकूला चंडीगढ़ बॉर्डर पर पंच और सरपंचों द्वारा लगातार जारी धरने में आम आदमी पार्टी नेता चित्रा सरवारा और योगेश्वर शर्मा शामिल हुए। इसके अलावा महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने भी अपना समर्थन सरपंचों को देने की घोषणा की है। MLA बलराज कुंडू, AAP नेता चित्रा सरवारा और योगेश शर्मा ने कड़े शब्दों में हरियाणा सरकार और हरियाणा पुलिस द्वारा पंच सरपंचों पर किए गए लाठीचार्ज और बर्बरता पूर्ण व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि यह भी जनता के द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं और इन पर ऐसे लाठीचार्ज करना सरकार की घिनौनी हरकत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार को शांतिपूर्ण तरीके से सरपंचों के साथ बातचीत कर उनकी समस्या का समाधान करना चाहिए।
बुधवार को CM आवास घेराव करने जा रहे सरपंचों पर पंचकूला में पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में 100 से ज्यादा सरपंच घायल हो गए थे। वहीं पंचकूला पुलिस ने देर रात 4 हजार सरपंचों के खिलाफ धारा 144 का उलंघन करने, पुलिस से धक्का मुक्की करने, बेरिकेट्स तोड़ने के के मामले में IPC की 10 धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। चंडीगढ़-पंचकूला बॉर्डर पर पक्का धरना लगाकर बैठे सरपंचों ने बुधवार को CM के OSD भूपेश्वर दयाल को बैरंग लौटा दिया था। उनकी मांग है कि सीएम मनोहर लाल खुद यह बयान दें कि ई-टेंडरिंग वापस ले ली गई है। इसके बाद ही धरना खत्म करने का सरपंचों की तरफ से ऐलान किया जाएगा।
चंडीगढ़-पंचकूला बॉर्डर पर सरपंचों पर लाठीचार्ज में काफी संख्या में सरपंच घायल हुए। फतेहाबाद से भट्टू के ढांड के सरपंच चंद्रमोहन पोटलिया और सरवरपुर के सरपंच अनूप कुमार देहडु को काफी चोटें लगी हैं। अनूप कुमार के सिर में और सरपंच चंद्रमोहन पोटलिया के हाथों पर गंभीर चोटें हैं। इसके बाद सरपंच भड़क गए हैं और सरपंचों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जिस तरह से उनका लाठीचार्ज कर स्वागत किया गया है उसी तरह से गांव में आने पर भाजपा जजपा का किया जाएगा।
सरपंच एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता और भट्टू एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रमोहन ने कहा कि सरकार ने जो बर्ताव उनके साथ किया है। वही बर्ताव सरकार के लोग जब गांव में आएंगे तो उनके साथ भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरपंचों पर इस तरह की बर्बरता सहन नहीं की जाएगी और जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती वह चंडीगढ़ बॉर्डर पर ही पक्का धरना पर बैठे रहेंगे।
फतेहाबाद के सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रवक्ता हेमंत बैजलपुरिया ने कहा कि सरकार और उनके बीच चल रही लड़ाई में वह जीत करके ही यहां से वापस जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो स्वागत सरकार ने चंडीगढ़ में आए सरपंचों का कर रही है, वैसा ही 2024 चुनाव में जब सरकार के नेता गांवों में वोट मांगने आएंगे तो उनका स्वागत हम इसी प्रकार से करेंगे।
प्रदेश भर से सरपंच सुबह 11 बजे पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में इकट्ठा हुए। दोपहर 1 बजे करीब 4 हजार सरपंचों ने चंडीगढ़ के लिए कूच का ऐलान किया। 2 बजे के करीब वह शालीमार ग्राउंड से रवाना हुए। 3 बजे सभी सरपंच हाउसिंग चौक बॉर्डर पर पहुंच गए। वहां पर पुलिस के द्वारा सरपंचों को रोकने के लिए बैरिकेंडिंग कर रखी थी। जिसको सरपंचों ने रोके जाने के विरोध में बैरिकेड तोड़ दिए। जिससे सरपंचों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की हो गई। लगभग दो घंटे के दौरान दो बार वार्ता सिरे नहीं चढ़ी तो सरपंचों ने फिर से विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बेकाबू होते देख पंचकूला पुलिस ने 4.30 बजे प्रदर्शन कर रहे सरपंचों पर लाठीचार्ज कर दिया। इसमें 100 से ज्यादा सरपंच घायल हो गए। रात लगभग 11 बजे पंचकूला पुलिस ने सरपंचों के खिलाफ 147,148, 149, 323, 332, 353, 325, 186,188, 283 के तहत मामला दर्ज कर लिया।


कोई टिप्पणी नहीं
Thanks