पूनिया खाप का बड़ा फैसला, शादी के लिए दादी नानी का गोत्र नहीं आएगा आड़े, परिजनों की सहमति से कर सकते हैं प्रेम विवाह !
तहलका न्यूज, हिसार / सुनील कोहाड़
सर्वजातिय पूनियां खाप का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का आयोजन रविवार को हिसार में किया गया। जिसमें सामाजिक बुराइयों को मिटाने के साथ-साथ युवाओं के भविष्य को देखते हुए अनेक ठोस निर्णय लिए गए। वहीं इस कार्यक्रम के द्वारा आपके लोगों को संदेश दिया गया कि मृत्यु भोज पर पूर्ण रूप से पाबंदी रहेगी। जबकि बरात में केवल 21 आदमी ही बारात में जाएंगे। अगर कोई पूनियां खाप से संबंध रखने वाला बिना दहेज के दुल्हन घर लाता है, तो उसको खाप की तरफ से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा खाप का कोई भी व्यक्ति या महिला किसी भी क्षेत्र में खाप का नाम रोशन करती है तो उसको सम्मानित किया जाएगा।
शादियों में गोत्र का बंधन कम
अखिल भारतीय सर्वजातीय पूनियां खाप महासम्मेलन की अध्यक्षता पूनिया खाप के राज्य प्रधान शमशेर सिंह नम्बरदार ने की। उन्होंने कहा कि आज युवा अपने रास्ते से भटक करें गलत रास्ते पर जा रहा है सबसे पहले हमें एकजुट होकर युवाओं को सही रास्ते पर लाना होगा। इसके अलावा समाज में फैली बुराइयों को मिटाने के लिए भी आपको ठोस फैसले लेने होंगे। इसके लिए शादियों में जो गोत्रों का बंधन है उसको कम करना होगा। ताकि युवाओं की ज्यादा से ज्यादा शादियां हो सके। क्योंकि गोत्रों के आड़े आने से काफी युवा विवाह से वंचित रह जाते हैं। जिसके कारण को गलत रास्ता अख्तियार कर लेते हैं।
हमारे बीच छिपी है अनेक प्रतिभाएं, तरासने की जरूरत
उन्होंने कहा कि पूनिया खाप एक बहुत बड़ी खाप है और पूनिया गोत्र के रिश्ते अन्य गोत्रों के साथ बहुत ही मिलनसार रहे हैं। हमारे समाज के काफी लोग पदों पर आसीन हैं तो कुछ समाज को जागरूक करने के लिए व अच्छा संदेश देने के लिए अनेक क्षेत्रों में हमारे बीच उदाहरण पेश कर रहे हैं। हमें समय-समय पर कार्यक्रमों का आयोजन कर ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करना चाहिए। ताकि आने वाले युवा भी इससे प्रेरणा लें सकें और वो भी अपनी प्रतिभा में निखार कर अपने गांव में देश का नाम रोशन कर सकें।
सोशल साइट्स मोबाइल फोन टेलीविजन डीजे पर फैलाई जाने वाली अश्लीलता से युवाओं को बचाना प्राथमिकता
मंच पर वक्ताओं ने कहा कि आज नशे की लत युवाओं को लगी हुई नजर आ रही है। देश के भविष्य को इससे बचाने के लिए भी हमें उचित कदम उठाने होंगे। वहीं टेलीविजन, मोबाइल फोन, सोशल साइट, डीजे के माध्यम से जो अश्लीलता फैलाई जा रही है उसको भी रोकने के लिए उचित कदम उठाने की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि शादी व अन्य खुशियों के कार्यक्रमों पर डीजे बजा कर जो गाने बजाए जाते हैं वो बिल्कुल ही अश्लील होते हैं। इनका हमारी संस्कृति से दूर दूर तक कोई वास्ता नहीं है। डीजे पर डीजे पर बजने वाले गानों पर के वजह से आए दिन कार्यक्रमों में झगड़े, मर्डर सुनते आ रहे हैं। इन झगड़ों की वजह से आज आपसी रिश्तो में भी भेदभाव देखा जा रहा है। पूनिया गोत्र के किसी भी गांव में या खाप के किसी भी कार्यक्रम में डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाई जाए।
सम्मेलन में पूर्व शिक्षा मंत्री ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
पूनिया गोत्र की बेटी पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मदद से वह दो बार विधायक बन चुकी है हरियाणा सरकार में मंत्री भी रही है। हमें गर्व है कि हूं पूनिया गोत्र में पैदा हुई है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार एक तरफ तो बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है दूसरी तरफ बेटियों को बुलाने वाले स्कूलों को बंद करने पर तुली हुई है। भाजपा के कुशासन में बेटियां सुरक्षित नहीं है हर जगह लूटपाट छेड़छाड़ जैसी घटनाएं आम हो गई है।
ये पढ़ें आपके लिए खास है :
शनिवार की आधी रात सरपंचों पर लाठीचार्ज, पुलिस ने सरपंचों के टेंट, पढ़ें पूरी खबर
केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में भिड़े भाजपा समर्थक, मंच पर तोड़ा माइक !
हाईकोर्ट के सख्त रुख से हरियाणा सरकार के छूटे पसीने....
खबरों से अपडेट बने रहने के लिए गूगल न्यूज़ को फॉलो करें और शेयर करें
पूनिया खाप महासम्मेलन में लिए गए अहम फैसले
अखिल हरियाणा सर्व जातीय पूनिया खाप महासम्मेलन में फैसला लिया गया कि मृत्युभोज पर पूर्ण पाबंदी होगी। शादी के लिए दादी-नानी का गोत्र छोड़ने की जरूरत नहीं होगी। शादी कीगोद भराई रस्म में पांच आदमी जाएंगे। बारात में 21 आदमी जाएंगे और 101 रुपए देकर बारात रवाना की जाएगी। शादी में डीजे पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। माता-पिता की सहमति से प्रेम-विवाह किए जा सकेंगे। टीवी पर अश्लील प्रसारण पर पूर्ण रोक लगाई जाए। अश्लील गानों पर पाबंदी लगाई जाए। प्रदेश में नशाखोरी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। दहेज पर पूर्ण पाबंदी हो। बिना दहेज शादी करने वालों को खाप सम्मानित करेगी। बारात में 21 आदमी से ज्यादा नहीं जाएंगे।
इनको किया गया सम्मानित
पूर्व मंत्री व रिटायर्ड आईएएस अधिकारी डॉ. कृपा राम पूनिया मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। महासम्मेलन में खाप ने शहीद परिवारों समेत पूर्व स्वतंत्रता सेनानियों, खेल, शिक्षा, राजनीतिक, प्रशासनिक सेवाओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पूनिया परिवारों को सम्मानित किया।
बिना दहेज के दुल्हन लाने वाले परिवार को सम्मानित करेगी खाप
एडवोकेट जितेंद्र,पवन पूनिया ने बताया कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ खाप ने जो फैसला लिया है वह सही है और समय-समय पर ऐसे फैसले लेने की सख्त जरूरत है। बिना दहेज के बच्चों की शादी करने वाले लोग आगे आएंगे तो खाप की तरफ से बिना दहेज के दुल्हन लाने वाले परिवारों को ₹11000 का इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। युवाओं के उज्जवल भविष्य को देखते हुए खाप की तरफ से एक कॉलेज का निर्माण जाएगा जिसके लिए जगह बाद में निर्धारित की जाएगी। उन्होंने बताया कि खाप पंचायत में फैसला लिया गया है कि नशे जैसी घातक बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए हर गांव में 11 सदस्यों की एक कमेटी का गठन किया जाएगा। शादी जैसे कार्यक्रमों में डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से पाबंदी रहेगी। ढोल नगाड़ों की थाप पर नाच सकते हैं। हिसार जिले के खरक पूनिया गांव में खाप के चबूतरे का निर्माण करवाया जाएगा।
पूनिया खाप के ये दिग्गज हुए महासम्मेलन में शामिल
अखिल हरियाणा सर्वजातीय पूनिया खाप के अध्यक्ष शमशेर सिंह नंबरदार ने बताया कि इसमें हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता पूनिया भुक्कल, पूर्व उद्योग मंत्री कृपाराम पूनिया, अध्यक्ष शमशेर सिंह पूनिया, पूर्व लोकायुक्त जस्टिस प्रीतमपाल सहित पूनिया समाज के कई दिग्गज शामिल हुए।
पूनिया खाप के सम्मेलन में अन्य खापों के प्रधानों ने की शिरकत
महासम्मेलन में पूनिया खाप के अलावा अन्य खापों के प्रधानों ने भी शिरकत की। नरेला खाप, दलाल खाप, दाडऩ, खाप, माजरा खाप, रोधी खाप समेत अन्य खापों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन की अध्यक्षता पूनिया खाप के राज्य प्रधान शमशेर सिंह नम्बरदार ने की। इस अवसर पर महासम्मेलन में ब्रिगेडियर नंदलाल पूनिया, पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल, हाइकोर्ट से रिटायर्ड जज चौ. प्रीतमपाल , पूनिया खाप के राष्ट्रीय प्रवक्ता जितेन्द्र छात्तर, रविन्द्र मंगाली, सुरेन्द्र पूनिया, डाॅ.रमेश पूनिया, संरक्षक महिपाल शास्त्री, नूनियाराम, राजेन्द्र अहरी, रुकेश पूनिया, ओलंपियन बजरंग पूनिया के पिता बलवान पूनिया, ओलंपियन दीपक पूनिया , कपूर पूनिया, तरवेश पूनिया नरवाना, एडवोकेट महाबीर पूनिया सातरोड़, धर्म सिंह पूनिया समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान व उत्तर प्रदेश से लोग भी शामिल हुए ।
खाप प्रतिनिधियों के लिए तहलका न्यूज का संदेश
आज ऐसा माहौल पैदा हो गया है कि घर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अपने सगे भाई-बहन, परिवारिक भाईचारे व रिश्तेदारों की कोई कदर नहीं की जाती। जबकि साले, सालियां और साडुओं को प्राथमिकता दी जाती है। जिससे आपसी भाईचारे में खटास पैदा होती है। साथ ही भाई बहन का अटूट विश्वास भी एक दूसरे से डगमगा जाता है और यह भी एक सामाजिक बुराई से कम नहीं है। हम यह नहीं कहते कि साले व सालियों को यह कि नहीं मिले। मिले एक मर्यादा के अंदर रहते हुए। लेकिन सबसे पहले भाई-बहन भाईचारा व बाप दादा की अन्य रिश्तेदारियों का सत्कार होना जरूरी है। हम तो यही कह सकते हैं कि कोई बड़ा आयोजन ना करके छोटे से छोटा कार्यक्रम करके कम खर्च में सभी खुशियां हासिल करने की कोशिश कर सकें।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks