नेहरू कॉलेज के छात्र रवि की हत्या के मामले में दो गिरफ्तार !
Haryana Hisar Hansi news Two arrested in connection with the murder of Nehru College student murder case
तहलका न्यूज, हांसी / सुनील कोहाड़
नेहरू कॉलेज हांसी के छात्र बड़सी निवासी रवि की शनिवार को हांसी के सिसाय पुल के पास हत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर दो युवकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों को पुलिस सोमवार को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटी हुई है। ताकि पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे उनके अन्य साथियों के बारे में भी पूछताछ की जा सके और उनके बारे में पुख्ता सबूत जुटाए जा सके।
बड़सी निवासी 21 वर्षीय रवि की हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या की वारदात को कबूल कर लिया। जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर शनिवार को नेहरू कॉलेज हांसी के छात्र बड़सी निवासी 21 वर्षीय रवि की बर्फ तोड़ने वाला सुआ घोंप कर हत्या कर दी थी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सचिन कुलदीप उर्फ बोड़ा निवासी विराटनगर हांसी के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत इकट्ठे कर सोमवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटी हुई है। ताकि इस हत्याकांड के अन्य आरोपितों के बारे में भी पुख्ता सबूत जुटाए जा सके।
गौरतलब है कि नेहरू कॉलेज हांसी में पढ़ने वाले बड़सी गांव के रवि के पास शनिवार दोपहर को उसके दोस्त का फोन आया था और उसे सिसाय पुल के पास बुलाया था। जहां पर नेहरू कॉलेज के 2 छात्रों के गुटों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। जैसे ही रवि वहां पर पहुंचा तो दूसरे पक्ष के युवकों ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से रवि पर ताबड़तोड़ वार कर दिए जिसके कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। वहीं इस हमले में दूसरे पक्ष के भी कुछ युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिनको उपचार के लिए हिसार के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks