ग्रामीण विकास पर फोकस रखते हुए सक्रिय जिम्मेवारी निभाएं पंचायत प्रतिनिधि : देवेंद्र सिंह
Haryana government's zero tolerance policy should be implemented in gram panchayat institutions also: Babli
नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते पंचायत एवं विकास मंत्री देवेंद्र सिंह बबली।
- सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर पंचायत प्रतिनिधियों ने ली गांवों के विकास की शपथ
रेवाड़ी, 11 दिसंबर
हरियाणा सरकार में विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा है कि ग्रामीण विकास पर फोकस रखते हुए पंचायती राज संस्थान के जन प्रतिनिधि सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में अंत्योदय, सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की भावना के अनुरूप विकास कार्य करवा रही है और अब ग्रामीण परिवेश को विकास में भागीदार बनाने के लिए सजगता के साथ सभी सहभागी बनें। विकास एवं पंचायत मंत्री श्री बबली रविवार को शहर के केएलपी कॉलेज सभागार में सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आयोजित जिला स्तरीय पंचायती राज सम्मेलन (जनप्रतिनिधि संवाद) में रेवाड़ी जिले के नवनिर्वाचित जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यगण तथा सरपंचों से सीधा संवाद कर रहे थे। रेवाड़ी पहुंचने पर एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने विकास एवं पंचायत मंत्री का स्वागत किया।
जनप्रतिनिधि सम्मेलन में संबोधित करते हुए देवेंद्र सिंह बबली ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि गांव की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव बनाकर भेजें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की पंचायतों से मिलने वाले प्रस्तावों को बिना किसी देरी के आगे बढ़ाने का काम करें। सम्मेलन में विकास एवं पंचायत मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों को जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य करते हुए ‘शपथ गांव के विकास की’ दिलवाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में भी शहरों की तर्ज पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि भी ‘गांव की सरकार’ के रूप में विकास कार्य पूरी निष्ठा, पारदर्शिता व ईमानदारी से करवाएं ताकि अंत्योदय का सपना साकार हो सके।
| रेवाड़ी में जिलास्तरीय पंचायती राज सम्मेलन में पंचायत एवं विकास मंत्री देवेंद्र सिंह बबली। |
सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को ग्राम पंचायत संस्थाओं में भी करें लागू : बबली
विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण विकास की जिस सोच के साथ आप जन प्रतिनिधि बने हैं उस पर खरा उतरते हुए जनसेवा को समर्पित होकर कार्य करने में आगे बढ़ें सरकार आपका पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों का विकास नेक व साफ नियत से करवाने का काम करें। उन्होंने सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को ग्राम पंचायत संस्थाओं में भी लागू करने की शपथ नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को दिलवाते हुए बिना भेदभाव के कार्य समान विकास की विचारधारा से करवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व उप मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला की सोच है कि मूलभूत सुविधाएं घर-घर तक पहुंचे ऐसे में बतौर पंचायत प्रतिनिधियों के रूप में आप सभी को अपना दायित्व निभाते हुए आगे बढ़ना है।
स्वच्छ भारत मिशन में पंचायतों का महत्वपूर्ण योगदान : बबली
विकास एवं पंचायत मंत्री श्री बबली ने पंचायत प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को आगे बढ़ाने का काम करें और स्वच्छता की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाते हुए श्रमदान अवश्य करें और गांव को स्वच्छ बनाकर सुखद वातावरण की परिकल्पना को साकार करें। उन्होंने कहा कि गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए एक टीम वर्क के साथ गांवों का सर्वांगीण विकास करवाएं। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति सौ-सौ अन्य सदस्यों को भी अपने साथ जोड़ें। स्वच्छता अपनाते हुए स्वच्छ भारत मिशन में पंचायतों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि डोर टू डोर कूड़े को उठाने के लिए सरकार कदम उठा रही है। पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से आने वाले समय में बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। प्रत्येक गांव में स्टेडियम, ग्राम सचिवालय में टेक्नोलॉजी की सुविधा से जोड़ेंगे जिससे सरपंच हाईटेक होंगे और गांव में बैठकर चंडीगढ़ के अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे।
सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्प : बबली
विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना पर कार्य कर रही है और सरकार का उद्देश्य है कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्प है। सरकार का प्रयास है कि गांवों में लोगों को सभी सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि आमजन को ग्रामीण अंचल में भी शहर की तर्ज पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गांव में भी शहरों जैसी मूलभूत सुविधाएं मिले, जनता के पैसे का सदुपयोग पूरी ईमानदारी के साथ विकास कार्यों पर खर्च किया जाए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से गांव में ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करने, जल संरक्षण पर ध्यान देने की अपील की।
विकास कार्यों में गुणवत्ता पर रहेगा विशेष फोकस : देवेंद्र सिंह
विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि आने वाले 2 साल में हमें मिलकर बहुत बड़ा बदलाव करना है। सभी गांवों में लाइब्रेरी बनाई जाएंगी। वहीं पर महिलाओं के लिए बैठने के लिए व्यवस्था होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में अब युवा अपने गांव में ही यूपीएससी की तैयारियां कर सकेंगे वहां पर स्मार्ट बोर्ड में ई लाइब्रेरी खोली जाएंगी। जिन गांवों में पुराने पंचायती भवन या समाज द्वारा बनाई गई कोई इमारत है तो उसका सौंदर्यीकरण करके मैरिज पैलेस की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में फिरनियों को पक्का किया जाएगा। इसके साथ सोलर लाइट लगवाने का काम भी किया जाएगा। वहीं मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी ग्रामीण योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष फोकस रहेगा। इसके लिए सभी गांव में एक निगरानी कमेटी बनाई जाएगी। ई टेंडरिंग के माध्यम से विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि जनता ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है उस पर खरा उतरे तथा संविधान के अनुसार विकास कार्य करवाएं।
ग्राम पंचायतों में कूड़ा प्रबंधन पर विशेष जोर दें पंचायत प्रतिनिधि :
डेवलपमेंट एंड पंचायत मंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्राम पंचायतों में कूड़ा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जाए, जिससे ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता अभियान को मूर्त रूप मिलेगा। गांव-गांव से कूड़ा एकत्रित करने से लेकर उसका निस्तारण किया जाए, जिससे गांवों में साफ-सफाई होगी और जगह-जगह कूड़ों के अंबार से भी ग्रामीणों को मुक्ति मिलेगी। साथ ही गांव के प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन रखने के साथ कूड़ा उठान की भी व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि कि अब शहरों की तर्ज पर गांवों में भी क्लस्टर बनाकर कूड़ा प्रबंधन का कार्य किया जाएगा। एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार हरियाणा सरकार इस समस्या का एंड टू एंड सॉल्यूशन करेगी।
गांवों से होकर गुजरता है देश के विकास का असली रास्ता : लक्ष्मण सिंह
विधायक कोसली लक्ष्मण सिंह यादव ने जनप्रतिनिधि सम्मेलन में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को अपनी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के विकास का असली रास्ता गांवों से होकर ही गुजरता है। गांव के विकास के बिना हम देश के विकास की कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित सरपंच व पंच ग्रामीण विकास के लिए नई-नई योजनाएं बनाएं और अपने कार्य का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत शासन की सबसे छोटी इकाई है और वे अपने गांव की एक स्वतंत्र सरकार के रूप में कार्य करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण तथा पिछड़ा वर्ग को 8 प्रतिशत आरक्षण देकर महिला सशक्तिकरण व पिछड़ा वर्ग के कल्याण एवं उत्थान का कार्य किया है।
ये रहे मौजूद :
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह, एसडीएम बावल संजीव कुमार, एसडीएम कोसली जयप्रकाश, सीटीएम देवेंद्र शर्मा, डीडीपीओ एचपी बंसल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली, जेजेपी जिलाध्यक्ष चौ. विजय सिंह, प्रदेश महासचिव श्याम सुन्दर सभ्रवाल, रेवाड़ी हल्का प्रधान मलखान सिंह, रेवाड़ी शहरी प्रधान टेकचन्द सैनी, पंचायती राज जिला संयोजक सतीश सरपंच, जिला प्रवक्ता अमन जून, युवा जिला प्रभारी संदीप खोरी, महिला प्रदेश महासचिव बिमला चौधरी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ जिला संयोजक धर्मपाल देशवाल, युवा प्रधान महासचिव भूपेंद्र शेखपुर, इनसो राष्ट्रीय महासचिव सत्येंद्र, एससी सेल जिला संयोजक सुधीर कुमार, पंचायती राज प्रदेश उपाध्यक्ष रमन यादव, यूएलबी जिला संयोजक सचिन ढींगरा, युवा जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरपंच साहिल कटारिया, रेवाड़ी महिला हल्का प्रधान किरण शर्मा, बावल महिला हल्का प्रधान सुमन शर्मा, अधिवक्ता अरुण यादव, महिला प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मेनका सोनी, जतिन झांगु, मनोज ढाकिया, शीला देवी, मलखान सिंह सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks