पब्लिक शौचालय प्रयोग करने में मुझे संकोच नहीं तो तुझे क्यों शर्म आ रही है !
DC अशोक गर्ग ने नायब तहसीलदार को लगाई फटकार
DC अशोक गर्ग तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण करते हुए।रेवाड़ी : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
तहसील कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, आए दिन भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में हिसार से ट्रांसफर होकर रेवाड़ी जिला उपायुक्त का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार आईएएस अशोक कुमार गर्ग तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। वहां पर उन्होंने सार्वजनिक शौचालय की बदहाल हालत को देखते हुए नायब तहसीलदार भूप सिंह को फटकार लगाते हुए कहा कि जब उन्हें सार्वजनिक शौचालय प्रयोग करने में शर्म महसूस नहीं होती तो तुम्हें क्यों शर्म आ रही है। क्योंकि जिला उपायुक्त ने कार्यभार संभालते ही सार्वजनिक शौचालय व भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि कोई भी कर्मचारी व अधिकारी कार्यालय में पर्सनल शौचालय का प्रयोग नहीं करेगा और ना ही जनता के कार्यों को पेंडिंग रखेगा।
लेकिन जैसे ही जिला उपायुक्त अशोक गर्ग तहसील के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे तो पब्लिक शौचालय का दरवाजा खुला पड़ा हुआ था और अपनी बदहाली के आंसू बहा रहा था। इस पर नायब तहसीलदार भूप सिंह को को जमकर लताड़ लगाई। साथ ही तहसील में इंतकाल पेंडिंग के बारे में पूछा तो नायब तहसीलदार ने बताया कि करीबन 65 इंतकाल पेंडिंग हैं। इस पर भी जिला उपायुक्त फटकार लगाते हुए आदेश दिए कि सभी पेंडिंग इंतकाल 3 दिन के अंदर रिकॉर्ड में चढ़ाने चाहिए। उन्होंने रिकॉर्ड में दर्ज होने के बावजूद स्वीकृत नहीं हुए इंतकाल की सूची भी तत्काल पेश करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यालयों में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी और कर्मचारी लोगों का काम समय पर करने की आदत डाल लें। ऐसा नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks